बरेली
देहदान महादान, करने वाले अमर रहेंगेः देव मूर्ति
अंग वस्त्र, स्मृति चिह्न और सर्टिफिकेट से देहदान का संकल्प लेने वाले सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। देहदान का संकल्प लेने वाले महादानियों को शनिवार को एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में सम्मानित किया गया। ‘देह से दिव्यता तक’ कार्यक्रम में एसआरएमएस ट्रस्ट के संस्थापक एवं चेयरमैन देव मूर्ति जी ने सभी आधुनिक दधीचियों को अंग वस्त्र, लघु वृक्ष, स्मृति चिह्न, डोनर कार्ड और सर्टिफिकेट देकर आभार प्रकट किया।
देहदान को महादान बताते हुए उन्होंने कहा कि समाज हित और मेडिकल साइंस के लिए यह बेहद जरूरी है। अब तक 95 से ज्यादा दधीचि एसआरएमएस में देहदान कर चुके हैं और 100 महादानियों ने शपथ पत्र दिया है। देहदान करने वाले हमेशा अमर रहेंगे। कार्यक्रम के साथ एनाटॉमी विभाग द्वारा ‘क्लिनिकल एम्ब्रियोलॉजी: टेक्स्ट बुक से टेस्ट ट्यूब तक’ सीएमई का आयोजन हुआ। मुख्य वक्ता डॉ. विश्राम सिंह ने जन्मजात विकृतियों और भ्रूण विज्ञान पर व्याख्यान दिया। एसजीपीजीआई के प्रो. कौशिक मंडल, डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, डॉ. अंजु लता वर्मा और डॉ. यतींद्र सिंह वर्मा ने भी विशेष व्याख्यान दिए। एचओडी डॉ. नमिता मेहरोत्रा ने कहा कि यह निस्वार्थ दान मानवता की सेवा का उदाहरण है। प्रिंसिपल एयर मार्शल डॉ. एमएस बुटोला ने कॉलेज की उपलब्धियां गिनाईं।




