
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर गौरव बैनल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं एवं मांगें सुनीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 280 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण करते हुए सात दिवस के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत करने तथा संबंधित आवेदक को समय पर कार्रवाई की जानकारी देने के भी निर्देश दिए, ताकि शासन-प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हो।
कलेक्टर गौरव बैनल ने कहा कि जनसुनवाई शासन की एक महत्वपूर्ण लोकहितकारी व्यवस्था है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखते हैं। इसलिए सभी अधिकारी जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और अनावश्यक विलंब से बचें।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समय-सीमा का पालन नहीं करने तथा प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर संजीव पाण्डेय, एसडीएम सुरेश जाधव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी, जिला आपूर्ति अधिकारी पी.सी. चन्द्रवंशी, उपायुक्त सहकारिता पी.के. मिश्रा, जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) आर.एल. शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।



