घरेलू विवाद बना जानलेवा, पत्नी की मौत, पिता घायल, आरोपी पति फरार
Domestic dispute turns fatal: wife dead, father injured; accused husband absconding.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नरोत्तमपुर गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी और पिता पर हंसिए से हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना में गंभीर रूप से घायल पत्नी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि आरोपी का पिता भी घायल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि नरोत्तमपुर निवासी इनामुल शेख उर्फ गमा का किसी बात को लेकर अपनी पत्नी सोनाभान बीबी से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने पत्नी पर हंसिए से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता पर भी आरोपी ने हंसिए से वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गौरव कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल महिला तथा उसके ससुर को इलाज के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान सोनाभान बीबी की मौत हो गई, जबकि घायल पिता का इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम के दौरान यह जानकारी सामने आई कि मृतका करीब चार माह की गर्भवती थी। पुलिस इस तथ्य को भी जांच का हिस्सा बनाकर सभी कानूनी पहलुओं पर कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद आरोपी इनामुल शेख उर्फ गमा फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।



