मोबाइल नेटवर्क विस्तार, नए टावरों की स्थापना और ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों के समाधान को लेकर उपायुक्त के निर्देश
Deputy Commissioner's directives regarding mobile network expansion, installation of new towers, and addressing 'black spot' areas.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले में डिजिटल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ बनाने और दूरसंचार सेवाओं को बेहतर करने को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय दूरसंचार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-अध्यक्ष मेघा भारद्वाज ने की। जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी, पाकुड़ के तत्वावधान में आयोजित बैठक में जिले में मोबाइल नेटवर्क विस्तार, दूरसंचार अवसंरचना के विकास, नए मोबाइल टावरों की स्थापना, नेटवर्क ब्लैक स्पॉट, डिजिटल कनेक्टिविटी और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में उपायुक्त ने संबंधित विभागों एवं दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आम नागरिकों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण दूरसंचार सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में मजबूत दूरसंचार व्यवस्था सुशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, आपदा प्रबंधन और सरकारी सेवाओं के प्रभावी संचालन की महत्वपूर्ण आधारशिला है। इसलिए नेटवर्क से वंचित क्षेत्रों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने निर्वाचन के दौरान चिन्हित नेटवर्क-विहीन (ब्लैक स्पॉट) मतदान केंद्रों की अद्यतन समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को पूर्व में चिन्हित नॉन-नेटवर्क बूथों का पुनः सत्यापन कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने बताया कि सत्यापित सूची संबंधित दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियों के साथ साझा की जाएगी, ताकि ऐसे क्षेत्रों में जल्द से जल्द नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। इससे भविष्य में निर्वाचन प्रक्रिया सहित अन्य डिजिटल सेवाओं के संचालन में भी सुविधा होगी। बैठक में दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधियों ने नेटवर्क विस्तार में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधियों ने बताया कि कुछ स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण मोबाइल टावरों का संचालन प्रभावित होता है, जिससे नेटवर्क सेवाओं में व्यवधान उत्पन्न होता है। इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर विद्युत एवं अन्य आधारभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया। वहीं दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधियों ने जिले में नेटवर्क संबंधी समस्याओं का सर्वेक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया। बैठक में दूरसंचार अवसंरचना से जुड़े लंबित प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने नए मोबाइल टावरों की स्थापना एवं स्वीकृति से संबंधित मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने, विभागीय समन्वय को मजबूत करने तथा सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में सिविल सर्जन, भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद दुमका, वन विभाग के अधिकारी, बीएसएनएल प्रतिनिधि, अनुमंडल दूरभाष पदाधिकारी, डीपीओ (यूआईडी), सीएससी मैनेजर सहित एयरटेल, जियो, इंडस टावर्स लिमिटेड, एटीसी, एसेंड टेलीकॉम इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड, भारती इंफ्राटेल लिमिटेड, नेटइन्फ्रा सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड समेत अन्य दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक के समापन पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि जिले के प्रत्येक नागरिक तक बेहतर मोबाइल नेटवर्क और डिजिटल कनेक्टिविटी पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों और दूरसंचार कंपनियों को समन्वित प्रयास करते हुए निर्धारित समयसीमा में लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करना होगा, ताकि जिले में डिजिटल सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता को और मजबूत किया जा सके।



