गोड्डा
WAKO इंडिया ने करण को बनाया राष्ट्रीय टाटामी रेफरी
अहमदाबाद में करेंगे झारखंड का प्रतिनिधित्व

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। गोड्डा जिला एवं पूरे झारखंड के लिए यह अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय है कि गोड्डा निवासी करण कुमार कश्यप का चयन WAKO इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन द्वारा आयोजित सीनियर्स एवं मास्टर्स राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 के लिए राष्ट्रीय टाटामी रेफरी (National Tatami Referee) के रूप में किया गया है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 01 अगस्त से 05 अगस्त 2026 तक वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नारणपुरा, अहमदाबाद (गुजरात) में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में देशभर के शीर्ष खिलाड़ी एवं तकनीकी अधिकारी भाग लेंगे। करण कुमार कश्यप इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए रेफरी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाएंगे। करण कुमार कश्यप 30 जुलाई 2026 को आसनसोल रेलवे स्टेशन से अहमदाबाद के लिए प्रस्थान करेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर टाटामी रेफरी के रूप में उनका चयन उनकी वर्षों की मेहनत, तकनीकी दक्षता, निष्पक्ष निर्णय क्षमता एवं खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है।



