गोड्डा
जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के कार्यों में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करें : उपायुक्त
लंबित आवेदनों का त्वरित निष्पादन एवं पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग एवं प्रखंडवार समीक्षा करने के दिए निर्देश
झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना एवं अन्य पेंशन योजनाओं के अयोग्य लाभुकों से भुगतान की गई राशि की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने का निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
गोड्डा। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग कार्यालय से संबंधित कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग श्री अभय कुमार झा को निर्देशित किया कि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित नहीं रखा जाए तथा सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने प्रखंडवार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित आवेदनों, भुगतान की स्थिति, ई-केवाईसी, आधार सीडिंग एवं अन्य प्रक्रियाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन किया जाए। समीक्षा के दौरान झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत कुल 1,739 अयोग्य लाभुकों तथा केंद्र प्रायोजित एवं राज्य प्रायोजित सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत कुल 4,851 अयोग्य लाभुकों का मामला सामने आया। इस पर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी अयोग्य लाभुकों को पूर्व में की गई भुगतान राशि की नियमानुसार शत-प्रतिशत वसूली (रिकवरी) की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि वसूली अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा इसकी प्रगति प्रतिवेदन निर्धारित अवधि पर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही भविष्य में अपात्र व्यक्तियों को किसी भी योजना का लाभ न मिले, इसके लिए लाभुकों का नियमित सत्यापन एवं अद्यतन अभिलेख संधारित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं के लाभुकों का अद्यतन डाटा संधारित किया जाए तथा नियमित रूप से प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों तक योजनाओं की जानकारी पहुँचाने तथा उन्हें समय पर लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया। बैठक में सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग अभय कुमार झा एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



