गोड्डा

दो साल से ताले में कैद शौचालय

लाखों खर्च के बाद भी हनवारा बाजार वासी परेशान

 शौचालय बना, भवन तैयार हुआ, लेकिन जनता के लिए नहीं खुला दरवाजा
महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी, जिम्मेदार विभाग से जवाब मांग रहे लोग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
महागामा। हनवारा बाजार में सरकारी राशि से बनाया गया सामुदायिक शौचालय इन दिनों सुविधा के बजाय लापरवाही की तस्वीर बनकर रह गया है। निर्माण पूरा हुए दो वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन शौचालय के दरवाजे पर आज भी ताला लटका हुआ है। लाखों रुपये खर्च कर तैयार की गई यह सार्वजनिक सुविधा आखिर किसके इंतजार में बंद है, इसका जवाब बाजारवासियों को अब तक नहीं मिल पाया है। हनवारा बाजार में प्रतिदिन आसपास के दर्जनों गांवों से लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं। ऐसे में सार्वजनिक शौचालय बंद रहने से सबसे अधिक परेशानी महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। जरूरत पड़ने पर लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ता है। वहीं, बाजार के कई दुकानदार भी शौचालय की सुविधा नहीं मिलने के कारण खुले स्थान का सहारा लेने को मजबूर हैं।
भवन तैयार, फिर जनता के लिए दरवाजा बंद क्यों..?
स्थानीय लोगों का सीधा सवाल है कि जब शौचालय का निर्माण निर्धारित समय में पूरा हो चुका है और इस पर सरकारी खजाने से लाखों रुपये खर्च किए गए हैं, तो इसे जनता के उपयोग के लिए चालू क्यों नहीं किया गया? यदि संचालन, पानी, रखरखाव या किसी अन्य कारण से समस्या है तो संबंधित विभाग ने अब तक उसका समाधान क्यों नहीं किया?
जांच के साथ कार्रवाई की मांग
लोगों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मामले की तत्काल जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि शौचालय को अविलंब खोलकर उपयोग में लाया जाए तथा इतने लंबे समय से बंद रहने के लिए जिम्मेदार अधिकारी, कर्मचारी अथवा एजेंसी की जिम्मेदारी तय की जाए। बाजारवासियों ने चेतावनी दी कि जनहित से जुड़े इस मामले में जल्द पहल नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button