जालौन

जल सारथी ऐप से होगी हर गांव की पेयजल योजनाओं की ऑनलाइन निगरानी

डीएम ने शत-प्रतिशत डाउनलोड के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन – ग्रामीण पेयजल योजनाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने एनआईसी सभागार में आयोजित बैठक में “जल सारथी” मोबाइल ऐप का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए ग्राम स्तर तक शत-प्रतिशत डाउनलोड और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत विकसित यह ऐप पेयजल योजनाओं की निगरानी, शिकायत निस्तारण, जल गुणवत्ता परीक्षण तथा विभिन्न योजनाओं की अद्यतन जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम में ग्राम प्रधान, प्रशासक, ग्राम सचिव, ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति  के सदस्य, एफटीके  प्रशिक्षित महिलाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक, लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी तथा अन्य जनप्रतिनिधियों के मोबाइल फोन में “जल सारथी” ऐप डाउनलोड एवं इंस्टॉल कराया जाए। साथ ही सभी हितधारकों को ऐप की उपयोगिता और प्रमुख सुविधाओं की जानकारी भी दी जाए, ताकि वे जलापूर्ति, जल गुणवत्ता, योजनाओं की प्रगति तथा शिकायतों के निस्तारण की नियमित निगरानी कर सकें।
बैठक में बताया गया कि ऐप के माध्यम से ग्रामवार पेयजल योजनाओं की प्रगति, मल्टी-लेवल डैशबोर्ड, जल गुणवत्ता परीक्षण, पाइपलाइन क्षति, अनियमित जलापूर्ति, सड़क पुनर्स्थापन, आईईसी एवं आईएसए गतिविधियों की जानकारी के साथ ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने और उसकी प्रगति देखने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिला एवं डीडब्ल्यूएसएम की बैठकों में इसकी नियमित समीक्षा कर निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी लक्षित हितधारकों के मोबाइल पर ऐप डाउनलोड सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव राज, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेमचंद मौर्य, अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) गुप्ता, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button