अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश, 15 अक्टूबर तक एनजीटी मानकों का पालन करे सुनिश्चित – उपायुक्त
Instructions issued to continue strict action against illegal mining; ensure compliance with NGT norms by October 15 – Deputy Commissioner.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में गुरुवार को गूगल मीट के माध्यम से जिला खनन टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, माइनिंग इंस्पेक्टर, सभी अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं अवैध भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को मेजर एवं माइनर मिनरल्स से संबंधित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने खनिज परिवहन में प्रयुक्त वाहनों एवं चालानों की नियमित जांच करने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े अधिकारियों को खदानों का नियमित औचक निरीक्षण करने, कोयला चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा कोयला परिवहन करने वाले सभी वाहनों को अनिवार्य रूप से तिरपाल से ढककर चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। बैठक में सीपीग्राम एवं पीजी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन, सभी चेकपोस्टों पर नए सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए। उपायुक्त ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने तथा 15 अक्टूबर तक निर्धारित सभी मानकों को पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। पुलिस अधीक्षक श्री अनुदीप सिंह ने कहा कि अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने तथा खनन विभाग और प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त छापेमारी अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।



