बेतुल
नगरपालिका परिसर एवं लल्ली चौक के सौंदर्यीकरण कार्य का हुआ भूमिपूजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बैतूल : माननीय विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देशानुसार, कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे एवं नगरपालिका अध्यक्ष पार्वती बारस्कर के मार्गदर्शन तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी नवनीत पाण्डेय के नेतृत्व में आज नगरपालिका परिसर एवं लल्ली चौक के सौंदर्यीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी नवनीत पाण्डेय ने बताया कि इस सप्ताह से नगरपालिका कार्यालय के अंदर स्थित हॉल के आधुनिकीकरण एवं सौंदर्यीकरण के साथ-साथ नगरपालिका परिसर के बाहर स्थित शहर के प्रमुख लल्ली चौक का भी सौंदर्यीकरण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इस परियोजना के अंतर्गत लल्ली चौक पर लगभग 15 फीट ऊँचा आकर्षक क्लॉक टॉवर स्थापित किया जाएगा। जय स्तंभ परिसर का रेड स्टोन से सौंदर्यीकरण, आकर्षक बॉउंड्री वॉल का निर्माण, पौधरोपण तथा पुराने नगरपालिका भवन को हेरिटेज लुक प्रदान करते हुए पीवीसी पैनलों के माध्यम से बैतूल जिले की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष पार्वतीबाई बारस्कर, उपाध्यक्ष श्री महेश राठौर, सांसद प्रतिनिधि श्री कैलाश (बंडू) ढोटे, गांधी वार्ड पार्षद वरुण ढोटे, पार्षद विजय जसूजा, पवन यादव, पिंटू महाले, रजनी वर्मा, कायम कावरे, आभा श्रीवास्तव, रघुनाथ लोखंडे, संतोष भलावी सहित समस्त सभापति महोदय, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों ने इस परियोजना को बैतूल शहर की सुंदरता बढ़ाने तथा नगरपालिका परिसर को आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इसकी सराहना की।




