जालौन

गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान उरई में निकली कलश वंदन यात्रा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर रविवार को उरई में श्री गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत भव्य कलश वंदन यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास जी की पावन जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी से युक्त कलश के साथ यात्रा में सहभागिता कर श्रद्धापूर्वक वंदन किया।
सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने कहा कि यह पावन कलश प्रत्येक मंडल तक पहुंचकर संत गुरु रविदास जी के सामाजिक समरसता, समानता, मानवता और बंधुत्व के दिव्य संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचार आज भी समाज को एकता, सद्भाव और सामाजिक न्याय की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से संत गुरु रविदास जी के आदर्शों पर चलकर समरस, समतामूलक एवं सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ कलश यात्रा में भाग लिया। यात्रा के दौरान गुरु रविदास जी के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया तथा सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा, शम्भू दयाल, कार्यक्रम जिला संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष विनोद अहिरवार, जिला मंत्री श्रीमती अनिता कठेरिया, पूर्व जिला मंत्री कु. मंजू रानी, श्रीमती अनीता सोलंकी, उरई नगर अध्यक्ष प्रथम श्रीमती शीतल सेंगर तथा उरई नगर अध्यक्ष द्वितीय राजेन्द्र शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button