नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। भारत सरकार के ष्विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवाष् अभियान के अंतर्गत अनुरागिनी संस्था द्वारा रविवार को उरई विकास प्राधिकरण परिसर में एक प्रभावी जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ निदेशक डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब देश का युवा नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक होगा। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति को भी प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह नशा उन्मूलन अभियान में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं एवं होमगार्ड जवानों ने सहभागिता करते हुए नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से शपथ ग्रहण करते हुए यह संकल्प व्यक्त किया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे, साथ ही अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे। उपस्थित युवाओं ने विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का भी संकल्प लिया। जिला केंद्रीय सहकारी उपभोक्ता भंडार जालौन अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह राजावत ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में सकारात्मक सोच, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी को अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। जिला असिस्टेंट कमांडेंट जालौन राकेश कुमार ने उपस्थित होमगार्ड जवानों एवं युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज की स्थापना के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय अनुरागिनी संस्था के समन्वयक श्याम करण प्रजापति ने किया। इस अवसर पर जितेन्द्र कुमार पांडेय, योगेन्द्र अहिरवार, ब्रजेश कश्यप, रामकुमार सिंह जादौन, प्रद्युम्न सिंह, विक्रम कुशवाहा सहित संस्था के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा स्वयंसेवक एवं होमगार्ड के जवान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
