नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। बोकारो में सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष वाहन जांच अभियान का असर अब सड़कों पर साफ दिखाई देने लगा है। पहले की तुलना में अब अधिक संख्या में दोपहिया चालक हेलमेट पहनकर चल रहे हैं। इसके बावजूद यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर बोकारो पुलिस ने सख्त कार्रवाई जारी रखी है।
बोकारो पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जुलाई 2026 के दौरान विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 79,87,250 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
सबसे अधिक कार्रवाई हेलमेट नहीं पहनने वालों पर हुई। पुलिस ने 2,421 दोपहिया चालकों से बिना हेलमेट वाहन चलाने तथा 2,026 पीछे बैठी सवारियों से हेलमेट नहीं पहनने पर जुर्माना वसूला। इस प्रकार केवल हेलमेट नियमों के उल्लंघन में 4,447 लोगों पर कार्रवाई की गई।
इसके अलावा 1,004 वाहन चालकों से प्रदूषण जांच प्रमाण पत्र (PUC) नहीं होने, 531 वाहन मालिकों से बीमा (इंश्योरेंस) वैध नहीं रहने तथा 448 लोगों से गलत स्थान पर वाहन पार्किंग करने के कारण जुर्माना वसूला गया।
पुलिस ने इसके अतिरिक्त काला शीशा लगी गाड़ियों, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन चलाने, दोपहिया पर तीन सवारी बैठाने तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में भी कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया।
बोकारो पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सभी आवश्यक वाहन दस्तावेज साथ रखें। इससे न केवल आर्थिक दंड से बचा जा सकेगा, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।



