
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर कांवड़ियों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा दो विशाल भंडारा एवं सेवा शिविर शुरू किए गए। पहला शिविर तहसील सदर के सहयोग से रामगंगा पुलिस चौकी के निकट तथा दूसरा नगर विकास विभाग के सहयोग से लाल फाटक पुल के पास परशुराम मंदिर के समीप स्थापित किया गया।
जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने फीता काटकर व पूजा-अर्चना कर शिविरों का शुभारंभ किया। इस दौरान कांवड़ियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया और भोजन कराया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि शिविरों में विश्राम गृह, पूजा स्थल, पेयजल, मेडिकल शिविर, मोबाइल टॉयलेट, चार्जिंग पॉइंट, सुरक्षा व्यवस्था और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि कछला घाट से आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।



