बाराबंकी
डाक विभाग का रक्षाबंधन पर विशेष अभियान
बाराबंकी मंडल में सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाने की अपील

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बाराबंकी : भारतीय डाक विभाग, बाराबंकी मंडल ने रक्षाबंधन पर्व पर बालिकाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए एक विशेष जन-जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत, नागरिकों से 10 वर्ष तक की बहन या बेटी के नाम सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाकर पासबुक उपहार स्वरूप भेंट करने की अपील की गई है।
सुकन्या समृद्धि योजना भारत सरकार की एक लोकप्रिय लघु बचत योजना है, जिसका उद्देश्य बालिकाओं का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करना है। वर्तमान में इस योजना पर 8.2 वार्षिक ब्याज मिलता है और आयकर अधिनियम की धारा 80C के तहत कर छूट का लाभ भी उपलब्ध है।
पात्र बालिकाओं को इस योजना से जोड़ने के लिए डाक विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। बाराबंकी मंडल में 24 अगस्त 2026 से 29 अगस्त 2026 तक एक विशेष सुकन्या समृद्धि खाता अभियान भी चलाया जाएगा।
अधीक्षक डाकघर, बाराबंकी मंडल, श्री पुरुषोत्तम नाथ ने बताया कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का पर्व है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर भाई अपनी बहन के सुरक्षित भविष्य का संकल्प लेते हैं। श्री नाथ ने सभी से 10 वर्ष तक की बालिकाओं के अभिभावकों को इस योजना से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। योजना से संबंधित जानकारी के लिए बाराबंकी डाक मंडल द्वारा हेल्पलाइन/व्हाट्सएप नंबर 9453710389 भी जारी किया गया है।



