केकेएम कॉलेज में स्नातक सीटें घटाने पर विधायक निसात आलम ने जताई आपत्ति, सीटें बढ़ाने की मांग
MLA Nisat Alam objects to the reduction of undergraduate seats at KKM College and demands an increase in seats.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। केकेएम कॉलेज, पाकुड़ में स्नातक स्तर पर सीटों में भारी कटौती किए जाने को लेकर पाकुड़ विधायक निसात आलम ने आपत्ति जताई है। उन्होंने राज्य सरकार से पूर्व की तरह सभी विषयों में स्नातक सीटों की संख्या बहाल करने की मांग की है। विधायक निसात आलम ने सोमवार को नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री से मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने शैक्षणिक सत्र 2026-30 के लिए केकेएम कॉलेज में स्नातक की स्वीकृत सीटों में बढ़ोतरी करने की मांग की। विधायक ने अपने पत्र में कहा कि कॉलेज में विभिन्न विषयों में स्नातक की सीटों की संख्या में काफी कमी कर दी गई है। पहले जहां करीब 4,650 सीटें थीं, वहीं अब यह संख्या घटकर लगभग 1,800 रह गई है। सीटों में इतनी बड़ी कटौती से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा से वंचित होने की आशंका है। निसात आलम ने कहा कि पाकुड़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए आवेदन किया है। ऐसे में सीटों की संख्या कम होने से कई योग्य विद्यार्थियों को कॉलेज में दाखिला नहीं मिल सकेगा। इसका सबसे अधिक असर आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों पर पड़ने की संभावना है। उन्होंने कहा कि केकेएम कॉलेज क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र है। सीटों में कमी से न केवल विद्यार्थियों के सामने नामांकन की समस्या उत्पन्न होगी, बल्कि पूरे क्षेत्र की उच्च शिक्षा व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। विधायक ने मंत्री से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-30 के लिए केकेएम कॉलेज के सभी विषयों में स्वीकृत स्नातक सीटों की संख्या बढ़ाकर पूर्व स्तर पर करने की मांग की, ताकि पाकुड़ और आसपास के क्षेत्रों के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल सके।



