मेरठ
एमआईईटी पब्लिक स्कूल की तीनों शाखाओं में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। एमआईईटी पब्लिक स्कूल की मवाना रोड, जागृति विहार और पल्लवपुरम शाखाओं में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। तीनों परिसरों में ध्वजारोहण के साथ विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम और देश की एकता-अखंडता का संदेश दिया।
मवाना रोड शाखा में तिरंगा रैली ने बांधा समां
मवाना रोड शाखा में स्कूल के चेयरमैन विष्णु शरण और प्रधानाचार्य डॉ. रूपाली सहगल ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर आकर्षक तिरंगा रैली निकाली। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने विभिन्न देशभक्ति नाटकों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवंत किया।
जागृति विहार में गीत, नृत्य और कविताओं से गूंजा परिसर
जागृति विहार शाखा में स्कूल की मैनेजर बरखा अग्रवाल और प्रधानाचार्य डॉ. सिल्की वर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और कविताओं की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद अभिभावकों और शिक्षकों का मन मोह लिया।
पल्लवपुरम में नन्हे विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए देशभक्ति कार्यक्रम
पल्लवपुरम शाखा में वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल और प्रधानाचार्य नवनीत चड्ढा ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर छोटे बच्चों ने विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए देश के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना व्यक्त की।
तीनों शाखाओं में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक और स्कूल स्टाफ मौजूद रहा। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने तिरंगे को सलाम करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया। पूरे परिसर में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से देशभक्ति का माहौल बना रहा।




