बरेली
थोक विक्रेता 400 मीट्रिक टन से अधिक चीनी का स्टॉक नहीं रखेंगे: डीएम

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली । जनपद में चीनी की उपलब्धता और बढ़ते दामों को लेकर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की।
बैठक में थोक विक्रेताओं ने बताया कि कांवड़ यात्रा के कारण चीनी लदी गाड़ियों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं, गैस और ईंधन के टैंकरों की तरह चीनी की गाड़ियों को भी रोका नहीं जाएगा, आवाजाही सुचारू रहेगी।
जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि कोई भी थोक विक्रेता भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार 400 मीट्रिक टन से अधिक चीनी का भंडारण नहीं करेगा। उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि नियमित व्यापारियों को मांग से अधिक चीनी न दी जाए और बिक्री का पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाए।
थोक विक्रेताओं ने बताया कि जनपद में चीनी का कोई संकट नहीं है। फरीदपुर चीनी मिल के जीएम ने बताया कि 21 अगस्त को मिल में 56,330 कुंतल स्टॉक था, जिसमें से 800 कुंतल चीनी 6,000 रुपये प्रति कुंतल की दर से थोक में बेची गई। बैठक में एडीएम संतोष कुमार सिंह, सहायक चीनी आयुक्त नेहा त्रिवेदी, जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी और थोक विक्रेता मौजूद रहे।



