
अनिल कौशिक बने राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष, परमानंद सागर को प्रवक्ता और रोहित चौधरी को हापुड़ जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : एक्टिव जर्नलिस्ट एसोसिएशन ट्रस्ट की मासिक बैठक एवं संगठन विस्तार कार्यक्रम में पत्रकारों के हितों, संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान नए सदस्यों को संगठन की सदस्यता दिलाने के साथ ही विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की गईं।
सर्वसम्मति से वरिष्ठ पत्रकार अनिल कौशिक को संगठन का राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष, परमानंद सागर को प्रवक्ता तथा रोहित चौधरी को हापुड़ जिले का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं विपुल कुमार और राय साहब ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की।
संगठन के संरक्षक विवेक त्यागी, अध्यक्ष अपूर्वा चौधरी, संगठन मंत्री पवन चौधरी और महामंत्री पंकज शर्मा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं नए सदस्यों का पटका और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। पदाधिकारियों ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए पत्रकार हितों के लिए सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया।
नवनियुक्त राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल कौशिक ने संगठन का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। पत्रकारों की समस्याओं, अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए संगठन को मजबूती से कार्य करना चाहिए।
प्रवक्ता परमानंद सागर ने कहा कि संगठन की नीतियों और गतिविधियों को प्रभावी ढंग से सामने रखना उनकी प्राथमिकता होगी। वहीं हापुड़ जिलाध्यक्ष रोहित चौधरी ने कहा कि जिले में संगठन का विस्तार कर अधिक से अधिक पत्रकारों को जोड़ने और उनकी समस्याओं को संगठन के मंच तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में स्वागत महामंत्री पंकज शर्मा ने किया और संचालन संगठन मंत्री पवन चौधरी ने किया। अध्यक्षता अध्यक्ष अपूर्वा चौधरी ने की। इस अवसर पर ललित चौधरी, ब्रजभूषण शर्मा, राहुल कुमार, जिला अध्यक्ष विकास कुमार, महानगर अध्यक्ष सद्दाम हुसैन सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।


