सिंगरौली

जलभराव के कारण ढोटी प्राथमिक विद्यालय अब आंगनबाड़ी केंद्र में होगा संचालित

डीईओ कविता त्रिपाठी ने लिया निर्णय, समस्या दूर होने तक वैकल्पिक व्यवस्था

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। नगर पालिक निगम बैढ़न के वार्ड क्रमांक-31 तुलसी ढोटी स्थित शासकीय प्राथमिक पाठशाला में जलभराव की समस्या के चलते अब विद्यालय का संचालन समीप स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के भवन में किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण करने के बाद यह निर्णय लिया है।
विद्यालय परिसर और कक्षाओं में बारिश का पानी भरने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। इस समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद डीईओ ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जब तक जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता या बारिश का दौर समाप्त नहीं होता, तब तक कक्षाएं आंगनबाड़ी केंद्र में संचालित की जाएंगी।शनिवार से विद्यालय की कक्षाएं आंगनबाड़ी केंद्र में शुरू कर दी गई हैं। बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी परिसर सहित कमरों में जमा हो जाता है, जिससे बच्चों और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।विद्यालय प्रबंधन द्वारा पूर्व में भी समस्या से जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, डीपीसी और जिला शिक्षा केंद्र सहित संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया था, लेकिन समाधान नहीं हो सका था। विद्यालय संचालन प्रभावित होने के बाद मामला सामने आने पर शिक्षा विभाग ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए बच्चों की पढ़ाई सुचारू रखने का निर्णय लिया है।ग्रामीणों और अभिभावकों ने शिक्षा विभाग के इस कदम का स्वागत करते हुए विद्यालय में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में बच्चों को इस समस्या का सामना न करना पड़े।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button