आचार संहिता लागू होते ही बयाना में हटने लगे सरकारी योजनाओं के बैनर-पोस्टर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भुसावर। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से प्रदेश के 309 नगरीय निकायों में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही बयाना नगर पालिका क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई। इसके साथ ही नगर पालिका प्रशासन ने सार्वजनिक स्थानों पर लगी सरकारी योजनाओं और प्रचार-प्रसार से संबंधित सामग्री हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण में 9 सितंबर और दूसरे चरण में 11 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। मतगणना 14 सितंबर को होगी। बयाना नगर पालिका में दूसरे चरण के तहत 11 सितंबर को मतदान होगा। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद गुरुवार को नगर पालिका की टीमें शहर में सक्रिय रहीं। टीमों ने सड़कों, चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण कर सरकारी योजनाओं से संबंधित बैनर-पोस्टर हटाए। सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर लगी प्रचार सामग्री को भी हटाने की कार्रवाई की गई। नगर पालिका के सफाई निरीक्षक पवन कुमार ने बताया कि चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही टीमों को कार्रवाई के लिए सक्रिय कर दिया गया था। आचार संहिता के प्रावधानों के तहत सरकारी योजनाओं और प्रचार सामग्री से जुड़े बैनर-पोस्टर हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।



