भरत पुर
जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम कार्यालय में सौंपा ज्ञाप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बयाना। बयाना उपखंड की ग्राम पंचायत सिंघनिया में लंबे समय से जर्जर पड़ी सड़कों की समस्या को लेकर ग्रामीणों में रोष है। बदहाल सड़कों के कारण ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर सड़कों की मरम्मत और आवश्यकता के अनुसार पुनर्निर्माण कराने की मांग की।ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि पंचायत क्षेत्र की कई सड़कें पिछले कई वर्षों से खस्ताहाल हैं। सड़कों पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं और कई हिस्सों में सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। ऐसे में ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों को भी रोजाना आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, मरीजों को अस्पताल ले जाने के दौरान समस्या और बढ़ जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के चलते कई बार एंबुलेंस को भी गांवों तक पहुंचने में परेशानी होती है। ग्रामीणों के अनुसार, गड्ढों के कारण आए दिन वाहन फंसने और जाम जैसी स्थिति बनती रहती है। इससे वाहनों में टूट-फूट के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों ने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं की पहुंच भी इन्हीं पर निर्भर करती है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क समस्या को लेकर जिला कलेक्टर की जनसुनवाई और प्रभारी मंत्री की जनसुनवाई में भी कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके अलावा विधायक को भी कई बार ज्ञापन दिए गए, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर संबंधित विभाग को सड़कों की शीघ्र मरम्मत तथा जरूरत के अनुसार पुनर्निर्माण के निर्देश देने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान ओपी टाइगर, दीपक खटाना, हरकेश, हरिराम, सतीश, दिनेश, नरसी, जगन, कल्ला, बिजेंद्र, विश्वेंद्र, रामवीर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



