शामली

अंकित बालियान हत्याकांड

दो शूटर मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल

यूपी एसटीएफ और शामली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दोनों को लगी गोली
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में फरार चल रहे दो शूटरों का सोमवार को यूपी एसटीएफ और शामली पुलिस की संयुक्त टीम से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, शामली रोड पर घेराबंदी के दौरान बाइक सवार दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोलीबारी में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटरों को गोली लगी। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ में घायल दोनों पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पूरे क्षेत्र में पुलिस ने सघन जांच अभियान चलाया।पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में मारे गए बदमाशों की पहचान मोहित पुत्र महेश और सुमित पुत्र धर्मपाल निवासी सोनीपत के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि दोनों अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल थे और वारदात के बाद से फरार चल रहे थे।
पुलिस के अनुसार, अंकित हत्याकांड की साजिश में राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया का नाम सामने आया है। पुलिस का दावा है कि उसी के कहने पर शूटरों ने अंकित की हत्या को अंजाम दिया था। हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है। सोमवार को शामली पुलिस को सूचना मिली कि अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो शूटर बाइक से शामली की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एसटीएफ की टीमों ने संभावित रास्तों पर घेराबंदी कर दी। पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई फायरिंग में दोनों बदमाशों को गोली लगी।घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। बता दें कि गत बुधवार शाम आर्यापुरी स्थित नाला पटरी मार्ग पर हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की जिम से बाहर निकलते ही चार शूटरों ने गोलियां बरसा कर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद चारों शूटर मौके से फरार हो गए थे। घटना से आक्रोशित स्वजन ने अंकित का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया था। स्वजन ने हत्यारोपितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग की थी। साथ ही आरोपितों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी उठाई गई थी।
सीसीटीवी में कैद हुए थे संदिग्ध, दिल्ली-हरियाणा तक दबिश
हत्याकांड के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। हत्या से पहले संदिग्धों के घूमने की फुटेज भी सामने आई थी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने शूटरों की तलाश तेज कर दी थी।
पुलिस टीमों ने हरियाणा और दिल्ली में भी संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपित हाथ नहीं आए। सोमवार को मिली सूचना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों शूटरों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया।
अंकित के पिता बोले
पुलिस पर पूरा भरोसा, अभी आधा इंसाफ मिला
दो शूटरों के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद अंकित बालियान के पिता ने पुलिस कार्रवाई पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि अभी आधा इंसाफ मिला है, पूरा इंसाफ भी जरूर मिलेगा। उन्होंने शेष आरोपितों के खिलाफ भी कार्रवाई की उम्मीद जताई। अब पुलिस के सामने हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे अन्य आरोपितों तक पहुंचने की चुनौती है। अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई के बाद अब निगाहें फरार चल रहे अन्य आरोपितों पर टिक गई हैं। दो शूटरों के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद स्वजन ने शेष आरोपितों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग तेज कर दी है। मामले में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि हत्याकांड की पूरी साजिश के पीछे कौन-कौन लोग थे और वारदात को अंजाम देने वाले बाकी आरोपित कब पुलिस की गिरफ्त में आएंगे
हत्याकांड से पहले होटल में ठहरे थे शूटर!
आईडी देकर लिया था कमरा, रेकी से लेकर वारदात तक की तैयारी का पुलिस कर रही सत्यापन
अंकित बालियान हत्याकांड को अंजाम देने से पहले आरोपितों द्वारा पूरी तैयारी किए जाने की बात सामने आई है।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दो संदिग्ध शूटर शामली के एक होटल में ठहरे थे। उन्होंने वहां अपनी आईडी देकर कमरा लिया था।बताया जा रहा है कि होटल में रुकने के दौरान उन्होंने अंकित की गतिविधियों और वारदात को अंजाम देने की तैयारी की। इसके बाद मौका देखकर अंकित की हत्या कर दी गई।
हत्या का तरीका भी ऐसा था कि अंकित और आसपास मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। जिम से बाहर निकलते ही शूटरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
अब पुलिस होटल में ठहरने, रेकी, वारदात के लिए इस्तेमाल किए गए वाहन और शूटरों के संपर्क में रहे लोगों की कड़ियां जोड़ रही है। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ हत्याकांड की साजिश की परतें खुलने की उम्मीद है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button