आउटसोर्सिंग कार्मिकों का बढा पारिश्रमिक
मुख्यमंत्री ने किया निगम के लोगों, वेबसाइट व पोर्टल का शुभारम्भ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
सरकार का यह कदम आउटसोर्स कार्मिकों के जीवन में चमत्कारिक बदलाव लाएगा-मा0 विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया
बिजनौर : मा0 मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ के द्वारा आउटसोर्स कार्मिकों के बढे हुए पारिश्रमिक की घोषणा एवं उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के लोगों वेबसाइट व पोर्टल के अनावरण व शुभारंभ के लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बिजनौर के कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन की पहली शर्त संवेदनशीलता होती है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले को जेल भेजा जाएगा तथा उनकी संपत्ति को जब्त किया जाएगा। सरकार ने बिचौलिया व्यवस्था खत्म की वही बिजनौर के कार्यक्रम में मा0 विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया ने कहा कि सरकार का यह कदम आउटसोर्स कार्मिकों के जीवन में चमत्कारिक बदलाव लाएगा। और लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मा0 मुख्यमंत्री ने कहा कि अब आउटसोर्स कार्मिक अकेले नहीं होंगे। सरकार ने उनके लिए उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम बनाया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह की 5 तारीख तक आउटसोर्स कार्मिकों का वेतन उन्हें मिल जाएगा। उन्होंने बताया कि आउटसोर्स कार्मिकों के वेतन से ईपीएफ व ईएसआई अंशदान नियमित रूप से कटेगा तथा ईएसआई की धनराशि से आउटसोर्स कार्मिकों के लिए आयुष्मान कार्ड की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में 3.50 लाख से अधिक आउटसोर्स कार्मिक कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि सरकार, श्रम का सम्मान करती है।
उन्होंने बताया कि आउटसोर्स एजेंसी के सर्विस चार्ज का भुगतान अब सरकार करेगी, कार्मिकों के वेतन से भी नहीं कटेगा। उन्होंने बताया कि सरकार ने भारतीय स्टेट बैंक के साथ एमओयू हस्ताक्षरित किया है, जिसके माध्यम से आउटसोर्स कार्मिकों के बच्चों की पढ़ाई, इंश्योरेंस आदि की व्यवस्था की जाएगी साथ ही आउटसोर्स कार्मिकों को 20 लाख से 50 लाख रुपए तक का दुर्घटना बीमा भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार आउटसोर्स कार्मिकों के साथ है।
मा0 विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्सिंग सेवा निगम के शुभारंभ व आउटसोर्स कार्मिकों के पारिश्रमिक में हुई बढ़ोतरी व अन्य सुविधाएं दिए जाने का सरकार का यह कदम आउटसोर्स कार्मिकों के जीवन में चमत्कारी बदलाव लाएगा और उत्तर प्रदेश के इतिहास में ऐतिहासिक कदम है और यह स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। और उन्होंने बताया कि आउटसोर्स कार्मिकों का वेतन लगभग दोगुना हो जाएगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार हर वर्ग को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है व उन्हें योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का स्वर्णिम काल प्रारंभ हुआ है। जिसमें नगर पालिका परिषद बिजनौर की अध्यक्ष इंद्रा सिंह ने कहा कि यह गौरवशाली क्षण है। उन्होंने बताया कि जनपद की समस्त नगर निकायों में 3104 आउटसोर्स कर्मचारी कार्यरत हैं जिनमें से 650 अकेले नगर पालिका परिषद बिजनौर में ही है। उन्होंने बताया कि पूर्व में नगर पालिका परिषद बिजनौर को उत्तर प्रदेश में प्रथम व भारत में 29 वां स्थान प्राप्त हुआ था जिसमें इन आउटसोर्स कार्मिकों का योगदान रहा।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने जनप्रतिनिधियों का कार्यक्रम में आगमन पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने आउटसोर्स कार्मिकों को उनके बढे हुए पारिश्रमिक व अन्य सुविधाओं के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों व जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को हित लाभ के स्वीकृति पत्र भी प्रदान किये। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, प्रशासक जिला पंचायत साकेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सहित अन्य अधिकारी व विभिन्न विभागों में कार्यरत आउटसोर्सिंग कार्मिक मौजूद रहे।



