खैरथल
मतदान दलों का द्वितीय रैंडमाइजेशन संपन्न, मतदान दलों का हुआ गठन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में गुरुवार को मतदान दलों का द्वितीय रैंडमाइजेशन किया गया। रैंडमाइजेशन के दौरान मतदान दलों का गठन करने के साथ-साथ उन्हें संबंधित निकायों के मतदान केंद्रों के लिए आवंटित किया गया।
जिले में नगर निकाय आम चुनाव हेतु 251 मतदान केंद्र स्थापित किए गए जिनमें 4 वार्डो से निर्विरोध निर्वाचन होने के कारण 247 मतदान केंद्र हेतु 247 मतदान दलों का गठन किया गया है। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए निर्धारित मतदान दलों के अतिरिक्त 10 प्रतिशत मतदान दलों को रिजर्व रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग किया जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं। मतदान दलों को आवंटित निकाय एवं मतदान केंद्रों से संबंधित आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
5 सितंबर को होगा ईवीएम का द्वितीय रैंडमाइजेशन
जिले में प्रयुक्त होने वाली ईवीएम का द्वितीय रैंडमाइजेशन 5 सितंबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे जिला कलेक्ट्रेट सभागार खैरथल में किया जाएगा। ईवीएम के द्वितीय रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।



