सिंगरौली

बरसात थमते ही गुणवत्ता के साथ शुरू होगा खस्ताहाल सड़कों का निर्माण : देवेश पांडे

नगर निगम क्षेत्र की प्रमुख सड़कों के टेंडर जारी, लगातार बारिश के कारण रुके निर्माण कार्य मौसम साफ होते ही होंगे शुरू

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। नगर निगम क्षेत्र की जर्जर और खस्ताहाल सड़कों को लेकर नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे ने कहा है कि बारिश का दौर समाप्त होते ही सड़कों के निर्माण कार्य को गति दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा और चिन्हित सड़कों का काम प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
देवेश पांडे के अनुसार शहर की कई प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर पहले ही जारी किए जा चुके हैं। इनमें रामलीला मैदान के पीछे की सड़क, राजीव चौक से नवजीवन विहार तक जाने वाला मार्ग सहित अन्य सड़कें शामिल हैं। इनका निर्माण बारिश समाप्त होने के बाद शुरू कराया जाएगा।उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू भी किया गया था, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण मुख्य मार्गों पर काम रोकना पड़ा। बारिश के दौरान निर्माण जारी रखने से सड़क की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका रहती है। इसी वजह से मौसम अनुकूल होने का इंतजार किया जा रहा है।
नगर निगम अध्यक्ष ने कहा कि बरसात समाप्त होते ही निर्माण कार्य दोबारा तेजी से शुरू कराया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि शहरवासियों को खस्ताहाल सड़कों की समस्या से राहत दिलाने के लिए निगम स्तर पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button