बालाघाट के दुर्गम आदिवासी क्षेत्रों में ‘सहयोग–मिशन जीवन’ अभियान
जरूरतमंद बच्चों के लिए निःशुल्क चिकित्सा सहायता, 303 बच्चों की स्वास्थ्य जांच; 10 गंभीर बच्चे अस्पताल में भर्ती

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोंदिया। बालाघाट जिले के अति-दुर्गम, आदिवासी बहुल एवं नक्सल प्रभावित अंचलों में बच्चों की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति के बीच सहयोग हॉस्पिटल, गोंदिया द्वारा ‘सहयोग–मिशन जीवन’ अभियान चलाया जा रहा है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों एवं सीमित स्वास्थ्य सुविधाओं वाले इन क्षेत्रों में सहयोग हॉस्पिटल की टीम द्वारा घर-घर स्वास्थ्य जांच, जनजागरूकता एवं निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अभियान का उद्देश्य दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों तक समय पर स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक उपचार पहुंचाना है।
14 से अधिक दुर्गम गांवों में स्वास्थ्य जांच
अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य दल द्वारा मोहनपुर, उशाचक्र, कुलपा, माटे, पालागोंदी, लुध, बिटोली, अडोरी, कोरका, कुंडेकसा, देवरबेड़ी, मछुर्दा एवं धर्मशाला सहित 14 से अधिक दुर्गम आदिवासी गांवों में घर-घर स्वास्थ्य जांच, जनजागरूकता एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक 303 बच्चों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है।
10 गंभीर बच्चे सहयोग हॉस्पिटल में भर्ती
स्वास्थ्य जांच के दौरान गंभीर रूप से बीमार पाए गए 10 बच्चों को सहयोग हॉस्पिटल, गोंदिया में भर्ती कराया गया है। इनमें कुंडेकसा से 4 तथा मछुर्दा और धर्मशाला से 6 बच्चे शामिल हैं। सभी बच्चों का उपचार जारी है। उनके परिजनों के रहने, भोजन एवं आवश्यक देखभाल की व्यवस्था भी संस्थान द्वारा की जा रही है।
अभियान के दौरान परिवारों को तेज बुखार, सांस लेने में तकलीफ, उल्टी-दस्त, अत्यधिक कमजोरी, बेहोशी या दौरे तथा अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने जैसे गंभीर लक्षणों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि ऐसी स्थिति में समय पर चिकित्सकीय सहायता प्राप्त हो सके।
चार बच्चे स्वस्थ होकर लौटे घर
अभियान के तहत उपचार प्राप्त कर रहे बच्चों में से चार नन्हे बच्चे पूर्णतः स्वस्थ होकर अपने परिवारों के साथ घर लौट रहे हैं। संस्थान ने इसे अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
पूरी चिकित्सा सेवा निःशुल्क
सहयोग संस्थान के अध्यक्ष श्री जयेशचन्द्र रमन रामादे ने आश्वासन दिया कि कोई भी जरूरतमंद बच्चा आर्थिक कारणों से उपचार से वंचित न रहे। अभियान के तहत आवश्यकतानुसार जांच, दवा, उपचार एवं गहन चिकित्सा जैसी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सहयोग क्लिनिक, बालाघाट में प्रारंभिक जांच के बाद गंभीर बच्चों को सहयोग हॉस्पिटल, गोंदिया लाकर उच्च स्तरीय उपचार दिया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों से अस्पताल तक तथा उपचार के बाद वापसी के लिए परिवहन, साथ ही परिजनों के रहने एवं भोजन की व्यवस्था भी संस्थान द्वारा की जा रही है।
रामादे ने कहा, “इस तरह की आपदा के समय अगर हम लोगों के साथ खड़े नहीं रहे, तो हमारा होना या न होना कोई मायने नहीं रखता। बच्चों की जिंदगी और उनका उपचार सबसे महत्वपूर्ण है।”
वरिष्ठ अधिकारियों एवं चिकित्सकों की जमीनी भूमिका
अभियान में जे. के. लोखंडे, निदेशक–सहयोग ग्रुप ऑफ स्कूल्स; डॉ. सौरभ वर्धानी, विभागाध्यक्ष–सहयोग हॉस्पिटल, गोंदिया एवं डॉ. विश्वेश्वर, सहायक महाप्रबंधक की सक्रिय भूमिका है। प्रशासन एवं स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के समन्वय से स्वास्थ्य जागरूकता, जांच, चिकित्सा शिविर तथा गंभीर बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है।
अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने में डॉ. घनश्याम समृत, डॉ. निकिता कल्लूरी, डॉ. सुशील अंबुले, श्री हेमंत दशहरे, सुश्री माधुरी कटरे, सुश्री वैशाली गनवीर, श्री संतोष दहारे, श्री दीपेश राहंगडाले, श्री मनीष डोनोडे, श्री अंगेश्वर चन्ने, श्री अरुण चन्ने एवं श्री संग्राम डोंगरवार सहित चिकित्सा, नर्सिंग, मानव संसाधन एवं सहयोग दल के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान है।
प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता
‘सहयोग–मिशन जीवन’ अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए WhatsApp, Facebook, स्थानीय समाचार पत्र, बैनर-होर्डिंग, ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं माइक से मुनादी का उपयोग किया गया। इसके साथ ही ग्रामसभा, घर-घर संपर्क तथा आंगनवाड़ी, आशा कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से ग्रामीणों को बच्चों के गंभीर स्वास्थ्य लक्षणों एवं समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया गया।
जनता से अपील
सहयोग संस्थान ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों एवं ग्रामीण परिवारों से अपील की है कि किसी बच्चे में गंभीर स्वास्थ्य लक्षण दिखाई देने पर इसकी जानकारी तत्काल स्वास्थ्य दल तक पहुंचाएं। समय पर पहचान एवं उपचार से गंभीर स्थिति को नियंत्रित करने में सहायता मिल सकती है।
सहयोग संस्थान की हेल्पलाइन
जरूरतमंद बच्चों एवं परिवारों की सहायता के लिए सहयोग संस्थान की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं—
📞 92265 15346 | 83290 70112




