7 नगर निकायों के लिए निर्धारित किए गए मतगणना स्थल एवं कक्ष
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भरतपुर। नगर निकाय आम चुनाव-2026 की मतगणना 14 सितम्बर को प्रातः 8 बजे से प्रारंभ होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी द्वारा मतगणना प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए नगर निगम भरतपुर एवं जिले की विभिन्न नगरपालिकाओं के लिए मतगणना स्थलों, मतगणना कक्षों एवं टेबलों का निर्धारण किया गया है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम भरतपुर की मतगणना राजकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज, भरतपुर में आयोजित की जाएगी। वहीं नगरपालिका नदबई, वैर, भुसावर, बयाना, उच्चैन एवं रूपवास की मतगणना के लिए संबंधित निर्धारित मतगणना स्थलों पर व्यवस्थाएं की गई हैं।
नगर निगम भरतपुर की मतगणना व्यवस्था-
उन्होंने बताया कि नगर निगम भरतपुर के वार्डों की मतगणना के लिए राजकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज, भरतपुर में कुल 28 टेबल निर्धारित की गई हैं। मतगणना कक्ष संख्या 1 में वार्ड संख्या 1 से 10, 29 से 38 तथा 57 से 65 तक की मतगणना के लिए 10 टेबल निर्धारित हैं। इसी प्रकार मतगणना कक्ष संख्या 2 में वार्ड संख्या 11 से 20 एवं 39 से 48 की मतगणना के लिए 10 टेबल, जबकि मतगणना कक्ष संख्या 3 में वार्ड संख्या 21 से 28 एवं 49 से 56 की मतगणना के लिए 8 टेबल निर्धारित की गई हैं।
नगरपालिकाओं के लिए निर्धारित मतगणना स्थल-
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगरपालिकाओं की मतगणना के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं जिसमें नदबई नगरपालिका महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, नदबई स्थित विवेकानन्द हॉल में कुल 5 टेबल निर्धारित की गई है। इसी प्रकार वैर नगरपालिका की मतगणना के लिए पीएमश्री राजकीय विद्यालय उच्च माध्यमिक विद्यालय, वैर के कमरा संख्या 29 में कुल 5 टेबल, भुसावर नगरपालिका के लिए श्री जगन्नाथ पहाड़िया राजकीय विद्यालय, भुसावर के कमरा संख्या 19 में कुल 5 टेबल, बयाना नगरपालिका के लिए पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बयाना के सभा कक्ष कमरा संख्या 02 में कुल 6 टेबल एवं उच्चैन नगरपालिका के लिए नवीन नगरपालिका भवन, उच्चैन के कमरा संख्या 02 में कुल 5 टेबल निर्धारित की गई है। इसी प्रकार रूपवास नगरपालिका के लिए स्वतंत्रता सेनानी श्री रामचरण लाल गोयल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रूपवास के कमरा संख्या 13 में कुल 6 टेबल निर्धारित की गई है।
मतगणना प्रक्रिया के लिए व्यापक सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं-
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण होने के कारण सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्धारित नियमों एवं निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक मतगणना टेबल पर निर्धारित गणना पर्यवेक्षक एवं गणना सहायक की नियुक्ति रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा की जाएगी। मतगणना कक्ष में संबंधित क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी/सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं गणना कार्मिक मतगणना प्रक्रिया को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार संपन्न कराएंगे।
अनधिकृत प्रवेश पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध-
उन्होंने बताया कि मतगणना कक्ष में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। मतगणना कक्ष में प्रवेश करने वाले प्रत्येक अधिकृत व्यक्ति के लिए निर्धारित पहचान एवं प्रवेश व्यवस्था का पालन अनिवार्य होगा। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि मतगणना स्थल पर प्रवेश व्यवस्था को प्रभावी रूप से नियंत्रित करते हुए केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाए। सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रवेश पत्र/अनुमति पत्र को संबंधित स्थान पर प्रदर्शित करना आवश्यक होगा तथा सुरक्षा बलों द्वारा इसकी पालना सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि पत्रकारों एवं मीडिया से जुड व्यक्तियों को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी प्रेस पत्र के आधार पर मतगणना स्थल पर प्रवेश दिया जाएगा।
मतगणना के दौरान वार्डवार व्यवस्था-
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना कक्ष में जिस वार्ड की मतगणना की जा रही होगी, उस दौरान संबंधित वार्ड के अभ्यर्थियों एवं अभिकर्ताओं को उसी मतगणना कक्ष में निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप उपस्थित रहने की अनुमति होगी। शेष अभिकर्ताओं एवं व्यक्तियों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने मतगणना से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय पर मतगणना स्थल पर उपस्थित होकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें। मतगणना प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्वाचन नियमों की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाएगी।



