पाकुड़

मनिरामपुर ईएसआर निर्माण को मिली प्रशासनिक गति, एसडीओ की मौजूदगी में हुआ स्थल निरीक्षण

Administrative momentum gained for Manirampur ESR construction; site inspection conducted in the presence of the SDO.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

पाकुड़। आम नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उच्चस्तरीय जलमीनार (ईएसआर) एवं अन्य पेयजल संरचनाओं का निर्माण कराया जा रहा है। इसी क्रम में पाकुड़ प्रखंड की पंचायत मनीरामपुर, संग्रामपुर एवं झिकरहाटी पश्चिमी समेत अन्य क्षेत्रों में भी पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए ईएसआर निर्माण की योजना प्रस्तावित है। हालांकि, भूमि उपलब्धता से जुड़ी प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण मनीरामपुर पंचायत में प्रस्तावित ईएसआर निर्माण करीब डेढ़ वर्षों से लंबित बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, पाकुड़ की ओर से ईएसआर निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में भू-अर्जन पदाधिकारी, पाकुड़ को पत्र भेजा गया था। पत्र में मौजा मनीरामपुर के विभिन्न दाग नंबरों का उल्लेख करते हुए आवश्यक रकबा की भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था। इसके बाद भू-अर्जन पदाधिकारी की ओर से संबंधित अंचल कार्यालय को भूमि का सत्यापन, स्थलीय निरीक्षण एवं आवश्यक जांच कर भूमि प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। हालांकि, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अनुसार, अब तक अंचल कार्यालय, पाकुड़ की ओर से अपेक्षित भूमि प्रतिवेदन उपलब्ध नहीं कराया गया है। भूमि प्रतिवेदन के अभाव में ईएसआर निर्माण की दिशा में आगे की प्रशासनिक कार्रवाई प्रभावित हो रही थी। वही मनीरामपुर में लंबे समय से लंबित ईएसआर निर्माण परियोजना को लेकर 12 सितंबर 2026 को नेशनल प्रेस टाइम्स अखबार में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी। खबर में भूमि संबंधी प्रक्रिया लंबित रहने के कारण पेयजल योजना के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को प्रमुखता से उठाया गया था।  प्रशासनिक स्तर पर मामले को लेकर सक्रियता बढ़ी है। वही विगत 17 सितंबर 2026, गुरुवार को उपायुक्त, पाकुड़ के निर्देश पर एसडीओ साईमन मरांडी के नेतृत्व में प्रस्तावित ईएसआर स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया गया। वही स्थलीय निरीक्षण के दौरान अंचलाधिकारी अरविंद कुमार बेदिया, मुखिया मजिबुर रहमान, स्थानीय ग्रामीण, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता अनंत सिंह, सहायक अभियंता अभिजीत कुमार, थाना प्रभारी गौरव कुमार तथा अंचल अमीन जेबान अली मौजूद रहे। एसडीओ साईमन मरांडी की उपस्थिति में प्रस्तावित ईएसआर निर्माण के लिए आवश्यक भूमि एवं स्थल की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने निर्माण कार्य की प्रगति के लिए जरूरी प्रक्रियाओं पर भी जानकारी ली तथा संबंधित स्तर पर समन्वय स्थापित कर आगे की कार्रवाई की संभावनाओं पर चर्चा की।  ईएसआर निर्माण के लिए भूमि सत्यापन एवं स्थल निरीक्षण की प्रक्रिया को परियोजना के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर उम्मीद जताई जा रही है कि स्थलीय निरीक्षण के बाद अंचल कार्यालय की ओर से आवश्यक भूमि प्रतिवेदन पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद संबंधित विभागीय एवं प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने की दिशा में कार्रवाई संभव हो सकेगी। लंबे समय से लंबित इस परियोजना के धरातल पर उतरने से मनीरामपुर पंचायत के लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जिला प्रशासन की सक्रियता के बाद अब स्थानीय लोगों में भी परियोजना के जल्द शुरू होने की उम्मीद जगी है। प्रशासनिक स्तर पर संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर भूमि संबंधी प्रक्रिया को पूरा कराने की कवायद तेज कर दी गई है। यदि आवश्यक भूमि प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध होता है, तो ईएसआर निर्माण की दिशा में लंबित प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button