नशे से दूर रहकर संस्कारवान जीवन अपनाएं युवा : निपुण मुनि

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम एवं एक दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत वीवी इंटर कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से विद्यालय परिसर में ‘बचपन की मुस्कान-नशामुक्त हिंदुस्तान’ अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विद्यार्थियों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशामुक्त जीवन जीने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम में एसएस जैन सभा एवं किरण सेवा समिति के साथ पहुंचे जैन संत निपुण मुनि महाराज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र जीवन का खानपान उनके चरित्र और व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। युवाओं को नशीली वस्तुओं से दूर रहकर शाकाहार एवं सात्विक भोजन को अपनाना चाहिए। युवा देश का भविष्य हैं, इसलिए उनका स्वस्थ और संस्कारवान रहना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनुराग शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य स्वयंसेवकों के माध्यम से सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता पैदा कर समाज को सशक्त बनाना है। युवाओं को साधु-संतों की जीवनशैली से प्रेरणा लेकर अपने विचारों और जीवन को बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए।
प्रधानाचार्य गुरदास सिंह ने सभी अतिथियों का आभार जताया। अंत में विद्यार्थियों को नशामुक्ति अभियान की शपथ दिलाई गई तथा कार्यशाला में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इस दौरान डॉ. ऋतु जैन, राजीव जैन, अभिषेक जैन, सचिन जैन, भगतजी, संजीव शर्मा, सुमित कुमार, राजनाथ सिंह, नरेंद्र शर्मा और महावीर सिंह मौजूद रहे।



