शामली

अनुरक्षण कार्य से आधे शहर की बिजली गुल, जनरेटर से सुचारू रखी जलापूर्ति

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। आदर्शमंडी विद्युत उपकेंद्र 33/11 पर मंगलवार को 33 केवी लाइन के अनुरक्षण कार्य के चलते आधे शहर की बिजली आपूर्ति ठप रही। सुबह करीब नौ बजे बंद हुई बिजली देर शाम तक बहाल नहीं हो सकी। लंबे समय तक बिजली नहीं आने से लोगों के इन्वर्टर और बैटरी भी जवाब दे गए। गर्मी में पंखे और कूलर बंद रहने से बच्चे और बुजुर्ग परेशान रहे। शाम होते ही घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में अंधेरा छा गया। देर रात आपूर्ति बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

मंगलवार सुबह उपकेंद्र पर 33 केवी लाइन के अनुरक्षण का कार्य शुरू किया गया। विद्युत विभाग की टीम ने कई स्थानों पर लंबे स्पैन में नए पोल लगाने के साथ पेड़ों की कटाई-छंटाई और खराब जंपर बदलने का कार्य किया।

बिजली आपूर्ति बाधित रहने का असर रेलपार, गौशाला रोड, रेलवे रोड, पंसारियान, माजरा रोड, जाट कॉलोनी, रूई मिल, मिल रोड, तहसील क्षेत्र, वेदविहार, बड़ा बाजार, नया बाजार, कलंदरशाह और आजाद चौक समेत आसपास के इलाकों में रहा।

सुबह बिजली गुल होने के बाद लोगों को जल्द आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद थी, लेकिन शाम तक बिजली नहीं आने से परेशानी बढ़ती गई। बिजली पर निर्भर दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

जनरेटर से ट्यूबवेल चलाकर पहुंचाया पानी

बिजली आपूर्ति बाधित रहने के बावजूद नगर पालिका ने जलापूर्ति व्यवस्था को प्रभावित नहीं होने दिया। पालिका ने जनरेटर लगाकर शहर के ट्यूबवेल चलाए। नगर पालिका के जेई जल हर्षित गर्ग ने बताया कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने की जानकारी के चलते पालिका ने पहले से व्यवस्था कर ली थी।

रेलपार, पुरानी एसपी ऑफिस, पंजाबी कॉलोनी, संगम बारातघर, बड़ी माता मंदिर, तालाब रोड, बड़ियाल, सब्जी मंडी, आजाद चौक, चांद मस्जिद, अटल विहार और टेलीफोन एक्सचेंज समेत विभिन्न स्थानों पर ट्यूबवेल जनरेटर से चलाकर जलापूर्ति सुचारू रखी गई।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button