ललितपुर
चाक-चौबंद प्रशासनिक व्यवस्थाओं के बीच सकुशल संपन्न हुआ ऐतिहासिक जल विहार महोत्सव
डीएम सत्य प्रकाश एवं एसएसपी संजीव बाजपेई ने नंगे पांव पहुंचकर श्रद्धालुओं के साथ की पूजा-अर्चना, महाआरती में हुए शामिल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। बुन्देलखण्ड की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान से जुड़े सुप्रसिद्ध जल विहार महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, आस्था और उल्लास के वातावरण में सकुशल संपन्न हुआ। ललितपुर की आस्था के इस महाकुंभ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों ने सहभागिता कर भगवान के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। जल विहार महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद द्वारा की गई चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के बीच पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, प्रकाश एवं घाटों की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी की गई, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक संजीव बाजपेई ने स्वयं आयोजन स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर धार्मिक आयोजन में सहभागिता की। दोनों अधिकारियों ने नंगे पांव चलकर डोलों में विराजमान भगवान के दर्शन किए, विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रसाद प्राप्त किया तथा महाआरती में सम्मिलित होकर श्रद्धालुओं के साथ आस्था एवं भक्ति का अनुभव साझा किया। महाआरती पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने जिले की सुख-शांति, समृद्धि एवं निरंतर विकास की कामना करते हुए भगवान से प्रार्थना की। प्रशासनिक अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति उनकी सहभागिता ने आयोजन को एक आत्मीय भाव प्रदान किया। जल विहार महोत्सव के दौरान सुम्मेरा तालाब सहित प्रमुख घाटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। पुलिस बल की तैनाती, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, प्रकाश, साफ-सफाई तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए। प्रशासन एवं पुलिस की टीमों ने पूरे आयोजन के दौरान सतर्क रहकर व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखा। नगर पालिका परिषद द्वारा भी महोत्सव से पूर्व नगर की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, मार्गों की दुरुस्ती एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया गया। परिणामस्वरूप जल विहार महोत्सव श्रद्धा, भक्ति, उल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हुआ। जल विहार महोत्सव ललितपुर की वर्षों पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का गौरवशाली पर्व है, जो जनपद की आस्था के साथ-साथ बुन्देलखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी प्रतिबिंबित करता है। आयोजन में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर ललितपुर की इस गौरवशाली परंपरा की जीवंतता और जनआस्था को प्रदर्शित किया।



