
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट। स्थानीय शहीद चंद्रशेखर एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान में हॉकी बालाघाट एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित स्वर्गीय हीरालाल नागोसे एवं मेशराम शरणागत स्मृति हॉकी टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बुधवार 23 सितंबर को बालाघाट और जबलपुर के बीच खेला गया। बेहद रोमांचक मुकाबले में बालाघाट ने जबलपुर को 5-4 गोल से पराजित कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबला शुरू से ही दोनों टीमों के बीच कड़े संघर्ष का गवाह रहा। खेल के दूसरे मिनट में बालाघाट ने गोल कर 1-0 की बढ़त बनाई। सातवें मिनट में जबलपुर ने गोल कर मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद 12वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर का लाभ उठाते हुए जबलपुर ने दूसरा गोल दागकर 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। पहले हाफ के अंत तक जबलपुर बढ़त बनाए रहा।
दूसरे हाफ की शुरुआत में बालाघाट ने गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। इसके बाद जबलपुर ने एक और गोल कर 3-2 की बढ़त बनाई, लेकिन बालाघाट ने जवाबी हमला करते हुए गोल कर स्कोर फिर 3-3 कर दिया। मुकाबले के निर्णायक दौर में बालाघाट ने लगातार दो गोल कर 5-3 की बढ़त हासिल कर ली।
मैच के अंतिम सात मिनट में जबलपुर को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे गोल में तब्दील कर टीम ने अंतर 5-4 कर दिया। अंतिम क्षणों में जबलपुर ने बराबरी के लिए प्रयास किए, लेकिन बालाघाट के मजबूत रक्षात्मक खेल के सामने उसे सफलता नहीं मिली। निर्धारित समय समाप्त होने पर बालाघाट ने 5-4 से जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमाया।
विजेता एवं उपविजेता टीम को मिली ट्रॉफी
टूर्नामेंट के समापन समारोह में कलेक्टर सत्यम कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। एसडीएम गोपाल सोनी एवं पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक मरठे विशेष अतिथि रहे। इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रमेश रंगलानी, नेहरू स्पोर्टिंग क्लब अध्यक्ष किरण भाई त्रिवेदी, हॉकी मध्यप्रदेश उपाध्यक्ष विजय वर्मा, ऋषभदास वैद्य, पूरनसिंह भाटिया, कमलजीतसिंह छाबड़ा, सुभाष गुप्ता, अशोक मोदी, जिला खेल अधिकारी राहुल बारेसा सहित अन्य अतिथि एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।
विजेता बालाघाट टीम को स्वर्गीय हीरालाल नागोसे के पुत्र साहिल की ओर से तथा उपविजेता जबलपुर टीम को स्वर्गीय मेशराम शरणागत के पुत्र सुधांशु शरणागत की ओर से ट्रॉफी एवं नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। आयोजन समिति की ओर से दोनों टीमों के खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए गए।
*खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह*
बालाघाट टीम की जीत पर सर्ववर्गीय कलार समाज के अध्यक्ष राधेलाल दौने ने 1100 रुपये, ऋषभदास वैद्य ने 1000 रुपये, कमलजीतसिंह छाबड़ा ने 1100 रुपये तथा रमेश इंगले ने 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।
कलेक्टर सत्यम कुमार ने कहा कि जिले में हॉकी का शानदार टूर्नामेंट आयोजित हुआ है। उन्होंने आयोजन समिति एवं सभी टीमों के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों में प्रशासन की ओर से भी आवश्यक सहयोग किया जाएगा।
नेहरू स्पोर्टिंग क्लब अध्यक्ष किरण भाई त्रिवेदी ने कहा कि नेहरू स्पोर्टिंग क्लब एवं हॉकी बालाघाट द्वारा जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आगामी 3 जनवरी से ऑल इंडिया हॉकी स्वर्ण कप टूर्नामेंट का आयोजन प्रस्तावित है। साथ ही जिले में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हॉकी टूर्नामेंट आयोजित कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
मैच में अंपायर की भूमिका सादाब खान एवं साकिर खान भोपाल ने निभाई, जबकि सहयोगी के रूप में राजेश सेवईवार बालाघाट रहे। कमेंट्री एवं मंच संचालन सुशील वर्मा ने किया। आभार प्रदर्शन हॉकी बालाघाट के संरक्षक विजय वर्मा ने किया।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में राजेश सेवईवार, राजकुमार शांडिल्य, विनोद साव, रमेश इंगले, रमेश उके, सुधांशु तिवारी, गोपाल धुर्वे, चीनू गंगवानी, फिरोज खान, सत्यम वर्मा सहित युवा हॉकी खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।




