29 सितंबर को निकलेगी भगवान महावीर की वार्षिक रथयात्रा
28 सितंबर की रात होगा विराट कवि सम्मेलन, विभिन्न स्थानों पर होगा स्वागत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। भगवान महावीर दिगंबर जैन मंदिर की वार्षिक रथयात्रा 29 सितंबर को शहर में धूमधाम से निकाली जाएगी। रथयात्रा में बैंड-बाजे, भजन मंडली, धार्मिक झांकियां, ढोल पार्टी और घोड़े आकर्षण का केंद्र रहेंगे। शहर में विभिन्न स्थानों पर रथयात्रा का स्वागत किया जाएगा। इससे एक दिन पूर्व 28 सितंबर की रात विराट कवि सम्मेलन आयोजित होगा।
गुरुवार को जैन धर्मशाला में आयोजित प्रेसवार्ता में महावीर जिनालय के अध्यक्ष सुदेश कुमार जैन और महामंत्री राजेश कुमार जैन ने बताया कि 29 सितंबर को 1008 भगवान महावीर दिगंबर जैन मंदिर की वार्षिक रथयात्रा निकाली जाएगी। रथयात्रा दिगंबर जैन मंदिर से शुरू होकर मिल रोड, हनुमान रोड, वीवी इंटर कॉलेज रोड, कबाड़ी बाजार, बड़ा बाजार, शिवमूर्ति और रेलवे रोड होते हुए जैन धर्मशाला पहुंचकर संपन्न होगी।
उन्होंने बताया कि रथयात्रा में कई प्रसिद्ध बैंड-बाजे, भजन मंडलियां, धार्मिक झांकियां, ढोल पार्टी और घोड़े शामिल होंगे। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं की ओर से रथयात्रा का स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 28 सितंबर की रात साढ़े सात बजे विराट कवि सम्मेलन होगा। इसमें विभिन्न प्रदेशों से आए कवि डॉ. प्रवीण शुक्ल, विनीत चौहान, सोनल जैन, बैजनारायण बेचौन और डॉ. राजीव राज काव्य पाठ करेंगे। इस अवसर पर राजेश जैन, योगेश जैन, सलेकचंद जैन, सुरेंद्र कुमार जैन, वीरेश जैन, अजय कुमार जैन, तरुण कुमार जैन, आलोक जैन और मयंक जैन आदि मौजूद रहे।



