ललितपुर
सिद्धि सागर एकेडमी में मेरे सपनों का भारत पर बच्चों ने उकेरी विकसित भारत की तस्वीर
सेवा संकल्प अभियान के तहत चित्रसेवा प्रतियोगिता आयोजित

नारी शक्ति, चंद्रयान-3, डिजिटल भारत और विकसित भारत 2047 की परिकल्पना चित्रों में दिखाई
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सिद्धि सागर एकेडमी में मेरे सपनों का भारत विषय पर चित्रसेवा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय की कक्षा छह, सात और आठ के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा और भारत के उज्ज्वल भविष्य की कल्पना को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने भारत की विगत दस वर्षों की प्रगति को विभिन्न चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया। बच्चों की चित्रकारी में नारी शक्ति, चंद्रयान-3, बुलेट ट्रेन, डिजिटल भारत, स्मार्ट सिटी तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं जैसे महत्वपूर्ण विषय प्रमुखता से उभरकर सामने आए। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से देश के विकास और बदलते भारत की तस्वीर को दर्शाया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित भारत 2047 को लेकर अपने सपनों और विचारों को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। बच्चों ने बेहतर शिक्षा व्यवस्था, लिंग-समानता और प्रदूषण रहित भारत की कल्पना को अपनी कलाकृतियों में स्थान दिया। इन चित्रों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश के विकास के साथ-साथ सामाजिक समानता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सोच को भी प्रस्तुत किया। चित्रसेवा प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने में विद्यालय के सभी शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिक्षकों ने बच्चों को रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए प्रेरित किया और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशक्ति और कलात्मक कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिला। विद्यालय की नोडल अधिकारी एवं डायरेक्टर रीता जैन ने प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत चित्रों की सराहना की। उन्होंने बच्चों की कुशल चित्रकारी की प्रशंसा करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढऩे और अपनी प्रतिभा को विकसित करने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले पांच विद्यार्थियों को जिला स्तर पर आयोजित होने वाली प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। डायरेक्टर ने अभिभावकों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अभिभावकों के सहयोग से ही विद्यालय के शिक्षक बच्चों में छिपी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने का अवसर प्राप्त कर पाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।



