खैरथल
एनएसएस दिवस पर विद्यार्थियों को दिया स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षा का संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। राजकीय महाविद्यालय खैरथल में राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस के अवसर पर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय वर्मा के मार्गदर्शन में हुआ। इसमें विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवकों को स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज की नींव प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी से मजबूत होती है। घर और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने के साथ प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी जरूरी है। विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने, प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचने तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
डॉ. जाकिर हुसैन, डॉ. सरस्वती मीणा एवं डॉ. दीपक चंदवानी ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के विभिन्न पहलुओं पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि एनएसएस स्वयंसेवक केवल महाविद्यालय तक सीमित न रहकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। छोटी-छोटी आदतों में बदलाव के जरिए पर्यावरण संरक्षण को जनअभियान का रूप दिया जा सकता है।
वक्ताओं ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति स्वयं सजग रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की बात कही। कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. दीपक चंदवानी ने किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।


