दुमका

15वीं वित्त आयोग एवं PM-ABHIM के तहत स्वास्थ्य केंद्र निर्माण की उपायुक्त ने की समीक्षा

Deputy Commissioner reviews health center construction under the 15th Finance Commission and PM-ABHIM.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

दुमका। जिले में स्वास्थ्य आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से 15वीं वित्त आयोग एवं PM-ABHIM (प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन) के तहत स्वास्थ्य उपकेंद्रों एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पूर्ण हो चुके तथा निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्रों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली गई। बैठक में भवन प्रमंडल, जिला परिषद, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल एवं एनआरईपी के पदाधिकारियों से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, पूर्ण हो चुके भवनों तथा लंबित कार्यों की जानकारी प्राप्त की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन स्वास्थ्य केंद्रों एवं उपकेंद्रों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें बिना किसी अनावश्यक विलंब के संबंधित स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर किया जाए। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब इन केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित हो और संबंधित क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने निर्देश दिया कि हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्वास्थ्य विभाग आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों को जल्द से जल्द फंक्शनल करे। निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्रों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनावश्यक कारणों से किसी भी स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में आने वाली किसी भी समस्या का संबंधित विभाग आपसी समन्वय से तत्काल समाधान करें, ताकि कार्य की गति प्रभावित न हो। साथ ही, कार्यों की नियमित निगरानी और प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया। उपायुक्त ने प्रत्येक नवनिर्मित एवं निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्र तक आमजनों की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। इसके लिए स्वास्थ्य केंद्रों तक आवश्यक एप्रोच रोड की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र का भवन तैयार करने के साथ-साथ वहां तक पहुंचने की समुचित व्यवस्था भी आवश्यक है। विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच समुचित समन्वय के अभाव में निर्माण कार्य बाधित होना स्वीकार्य नहीं है। सभी पदाधिकारी अपने-अपने स्तर से कार्यों की नियमित निगरानी करें और आवश्यकता के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी आधारभूत संरचनाओं का निर्माण समय पर पूरा करने के साथ-साथ उनका प्रभावी संचालन भी सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है, ताकि जिले के लोगों को बेहतर एवं सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सके।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button