कैराना

सील के तीन घंटे बाद ही खुल गए दो क्लीनिक, कार्रवाई पर सवाल

चौक बाजार में दोपहर स्वास्थ्य विभाग ने तीन क्लीनिक किए थे सील

सीएमओ ने मामले की जानकारी से किया इन्कार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार को तीन क्लीनिकों को सील किए जाने के करीब तीन घंटे बाद ही दो क्लीनिकों के दोबारा खुलने से सवाल खड़े हो गए हैं। सवाल उठ रहा है कि सील विभाग की ओर से खोली गई या संचालकों ने स्वयं हटाई। यदि विभाग ने सील खोली तो इसके पीछे क्या वजह रही और किसके निर्देश पर सील हटाई गई। सीएमओ ने मामले की जानकारी से इन्कार कर दिया है। ऐसे में कार्रवाई करने वाले सहायक नोडल अधिकारी की कार्यशैली भी सवालों में घिरती नजर आ रही है।
गुरुवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सहायक नोडल अधिकारी डॉ. दीपक कुमार ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ चौक बाजार में लाइफ लाइन बेबी क्लीनिक, ‘मोटापा घटायें या वजन बढ़ायें’ क्लीनिक और आरके डेंटल केयर की जांच की थी। टीम ने तीनों क्लीनिकों को सील कर दिया था। सहायक नोडल अधिकारी ने दावा किया था कि संचालक पंजीकरण समेत अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। उन्होंने एफआईआर की चेतावनी भी दी थी। वहीं, कार्रवाई के करीब तीन घंटे बाद लाइफ लाइन बेबी क्लीनिक, ‘मोटापा घटायें या वजन बढ़ायें’ क्लीनिक दोबारा खुले नजर आए, जिससे स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई की प्रक्रिया पर ही सवाल उठने लगे। आखिर सील लगाने के बाद उसे हटाने की अनुमति किस स्तर से मिली? क्या दोनों क्लीनिकों के संचालकों ने स्वयं सील हटाई या स्वास्थ्य विभाग की ओर से सील खोलने की कोई अनुमति दी गई थी? यदि संचालकों ने स्वयं सील हटाई तो विभाग को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई और अब तक क्या कार्रवाई की गई? ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई की निगरानी और उसके बाद की प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं। मामले में सहायक नोडल अधिकारी डॉ. दीपक कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। वहीं, सीएमओ डॉ. तृतीय कुमार सक्सेना ने मामले की जानकारी होने से इन्कार किया। कहा कि आज अवकाश है। शनिवार को मामले की जानकारी की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button