गणपति बप्पा मोरया के जयघोष के बीच निकली गणेश प्रतिमाओं की शोभायात्रा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणेश उत्सव का समापन हो गया। श्रीगणेश प्रतिमाओं की भव्य शोभायात्रा निकालकर श्रद्धालुओं ने अबीर-गुलाल उड़ाया। इसके बाद पूर्वी यमुना नहर में विधि-विधान से प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। पूरे दिन ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे गूंजते रहे।
शहर की पुरानी सब्जी मंडी स्थित श्री अट्ठे वाला देवी मंदिर में पिछले दस दिनों से गणेश उत्सव मनाया जा रहा था। इस दौरान प्रतिदिन देर शाम श्रीगणेश की डमरू वादन आरती की जाती थी। गुरुवार को मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया था।
शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी पर मंदिर परिसर में श्रीगणेश की पूजा-अर्चना और आरती के बाद प्रतिमा को विदाई दी गई। इसके बाद शोभायात्रा करनाल रोड स्थित पूर्वी यमुना नहर पहुंची, जहां प्रतिमा का विधि-विधान से विसर्जन किया गया। इस अवसर पर पंडित प्रदीप शर्मा, पंडित शिवम शर्मा, प्रशांत शर्मा, सागर गर्ग, अश्वनी कांबोज, अमन कांबोज, सौरभ, रोबिन गर्ग, अनिल, देवेंद्र, मनोज मित्तल आदि मौजूद रहे।
इसके अलावा शहर के हलवाई हट्टा से भी श्रीगणेश की शोभायात्रा निकाली गई। शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी गणेश प्रतिमाओं की शोभायात्राएं निकाली गईं। श्रद्धालुओं ने जमकर आतिशबाजी की। सुरक्षा की दृष्टि से पूर्वी यमुना नहर पर पुलिस बल तैनात रहा।





