गाजियाबाद

लोनी में जनकल्याण एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

एक छत के नीचे मिलीं सरकारी योजनाओं और चिकित्सा सेवाओं की सुविधाए

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद : आमजन तक सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड लोनी में बहुउद्देशीय जनकल्याण एवं स्वास्थ्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने किया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी बिन्नी यादव सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजीत सिंह चौधरी के नेतृत्व में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोनी की टीम ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में पहुंचे लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।कार्यक्रम के दौरान परिवार नियोजन एवं परिवार कल्याण सेवाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई।

आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराकर आमजन को सुविधा प्रदान करना रहा। शिविर में नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय से उपचार लेने के प्रति जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button