शामली

आशा कार्यकर्ताओं ने मांगों को लेकर कलक्ट्रेट में किया प्रदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। मंगलवार को अखिल भारतीय संगिनी व आशा वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले आशा कार्यकर्ताओं और संगिनियों ने विभिन्न मांगों को लेकर शामली कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर मांगों के निस्तारण की मांग की।

ज्ञापन में आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि शासन स्तर की मांगों को लेकर पूर्व में दिए गए ज्ञापन पर अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। स्थानीय स्तर की मांगों पर भी चर्चा नहीं की गई और एसोसिएशन को वार्ता के लिए कोई तिथि निर्धारित नहीं की गई। इसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने कार्य बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी।

आशा कार्यकर्ताओं ने प्रत्येक आशा को प्रतिमाह 21 हजार रुपये और आशा संगिनी को 26 हजार रुपये मानदेय देने की मांग की। इसके अलावा भ्रमण के लिए प्रतिपूर्ति राशि, नियुक्ति पत्र जारी करने तथा वर्ष 2006 से लंबित भ्रमण दिवस के हिसाब से 700 रुपये प्रतिदिन मुआवजा देने की मांग की गई। ज्ञापन में मृत्यु व दुर्घटना बीमा, भ्रमण के लिए टीए-डीए तथा स्कूटी उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन और 12 लाख रुपये की सहायता दिए जाने की मांग की गई।

कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी से मांगों को शासन तक पहुंचाकर समाधान कराने की मांग की। इस अवसर पर डोली, बबीता, सीमा, रेखा, रेणु, बबली, सुनीता, हेमा, अंजू, मुकेश, रीना, मीना, उर्मिला, रश्मि, पूनम, रीता, पूजा आदि मौजूद रहीं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button