
बिजली-पेयजल संकट पर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश
गंभीर मरीज के इलाज और आयुष्मान कार्ड के लिए दिए निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान को लेकर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने कलेक्ट्रेट सभागार में दैनिक जनसुनवाई की। इस दौरान दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को उन्होंने गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण महज कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। जनसुनवाई के दौरान किसान नेता पहाड़ सिंह ने कई गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने की समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि बिजली की समस्या के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही कई स्थानों पर पेड़ों की डालियों के बीच से विद्युत तार गुजरने और जर्जर लाइनों के कारण हादसे की आशंका भी जताई गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल अधीक्षण अभियंता एवं अधिशासी अभियंता विद्युत से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित गांवों में विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति सुचारु कराने के साथ ही विद्युत लाइनों के आसपास मौजूद खतरनाक डालियों को हटाने और जर्जर तारों व लाइनों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार की जनहानि की स्थिति उत्पन्न न हो। जनसुनवाई में एक गंभीर बीमारी से पीडि़त व्यक्ति ने आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण इलाज कराने में असमर्थता जताते हुए आयुष्मान कार्ड बनवाने की गुहार लगाई। पीडि़त की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने ओएसडी को निर्देशित किया कि मरीज का तत्काल एस्टीमेट तैयार कराकर संबंधित विभाग के माध्यम से उसके उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्राथमिकता के आधार पर उसका आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए, जिससे पात्रता के अनुसार उसे उपचार की सुविधा मिल सके। दैनिक जनसुनवाई में पेंशन, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास, राशन कार्ड, चकबंदी, भूमि पैमाइश, भूमि दर्ज कराने सहित राजस्व एवं विकास विभाग से संबंधित कई शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित पटल प्रभारियों और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि जिन शिकायतों का मौके पर समाधान संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए। वहीं जिन मामलों में स्थलीय जांच अथवा अन्य प्रक्रिया आवश्यक है, उनमें निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी कर शिकायतकर्ता को अवगत कराया जाए। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत का निस्तारण तभी माना जाए, जब संबंधित व्यक्ति को वास्तविक राहत प्राप्त हो। अधिकारियों को शिकायतों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने और लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में त्वरित कार्रवाई से फरियादियों में संतोष नजर आया। लोगों ने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि समस्याओं को सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखने और संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश मिलने से उन्हें अपनी शिकायतों के समाधान की उम्मीद जगी है।



