शामली
गांधी-शास्त्री जयंती पर छात्राओं ने पोस्टर बनाकर दिया राष्ट्रसेवा का संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। कस्बा बनत स्थित देवी उमराकौर वैदिक महाविद्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं ने दोनों महापुरुषों के जीवन, आदर्शों और राष्ट्र के प्रति योगदान को दर्शाते हुए आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टर तैयार किए।
छात्राओं ने पोस्टरों के माध्यम से सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचारों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
महाविद्यालय के संरक्षक डॉ. देवेंद्र पाल राणा, अध्यक्ष नितिन चौधरी, सचिव विनीत चौधरी और प्राचार्या डॉ. अंचल कुमारी ने छात्राओं के रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। प्राचार्या एवं शिक्षकगण ने छात्राओं को राष्ट्रहित और समाजसेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।


