शामली

स्काउटिंग से विद्यार्थियों में विकसित होती है सेवा और अनुशासन की भावना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। शहर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में चल रहे तीन दिवसीय स्काउट प्रशिक्षण शिविर का सोमवार को समापन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष चंद्रदेव ने स्काउट ध्वज फहराकर किया। स्काउट छात्रों ने झंडागान प्रस्तुत किया। स्काउट बैंड की धुन और नारों के साथ अतिथियों का स्वागत किया गया।
जिला स्काउट सचिव डॉ. हीरा सिंह ने कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों को जीवन में सही दिशा देने के साथ जिम्मेदार नागरिक बनाने का माध्यम है। देश और समाज की सेवा ही सच्ची सेवा है। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को आपदा के समय राहत कार्य, प्राथमिक चिकित्सा, जल सेवा और जरूरतमंदों की सहायता सहित विभिन्न कार्यों का प्रशिक्षण दिया गया।
शिविर के समापन पर स्काउट छात्रों ने आकर्षक टेंट तैयार किए। इनमें बागवानी, देवालय, पुस्तकालय, वाचनालय, रसोईघर, स्नानघर और स्वच्छ जल सेवा की प्रस्तुतियां शामिल रहीं। छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। अध्यक्ष चंद्रदेव ने कहा कि स्काउटिंग से विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा, सहयोग, देशभक्ति और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित होती है। प्रधानाचार्य आनंद प्रसाद ने प्रशिक्षकों और अतिथियों का आभार जताया।
इस दौरान डीओसी गायत्री देवी, उपप्रधानाचार्य मलूक चंद, स्काउट मास्टर प्रमोद कुमार, सुखदेव, रवि कुमार, सुभाषचंद, सचिन कुमार, सीताराम, संजू कुमार, अशोक सोम, नितिन कुमार, मधुबन और अंकुर कुमार आदि मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button