ललितपुर

बी-फार्मा छात्र हत्याकण्ड में वांछित बदमाशों व पुलिस में मुठभेड़

हत्या के मामले में 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में दबोचे

राजघाट के जंगल में हुई मुठभेड़, पंकज सहरिया पैर में गोली लगने से घायल
अजय अहिरवार गिरफ्तार, तमंचा, कारतूस, चाकू व नकदी बरामद
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र में बी-फार्मा के छात्र भूपेंद्र अहिरवार की हत्या के मामले में वांछित चल रहे 25-25 हजार रुपये के दो इनामी अभियुक्तों को पुलिस ने मंगलवार को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। राजघाट क्षेत्र के जंगल में हुई पुलिस मुठभेड़ में अभियुक्त मोहल्ला रावतयाना निवासी पंकज सहरिया पुत्र कोमल सहरिया के पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी ग्राम रघुनाथपुरा निवासी अजय अहिरवार पुत्र राधेलाल को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 315 बोर का अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, हत्या में प्रयुक्त चाकू तथा 700 रुपये नकद बरामद हुए हैं। वहीं अजय अहिरवार के कब्जे से 315 बोर का एक जिंदा कारतूस और 1120 रुपये नकद बरामद किए गए। बताया गया है कि बीती 28 सितंबर 2026 को भूपेंद्र अहिरवार की हत्या के संबंध में कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 1022/2026 दर्ज किया गया था। मामले में धारा 191(2), 191(3), 61(2), 103(1) बीएनएस एवं 3(2)5 एससी/एसटी एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। विवेचना के दौरान अजय अहिरवार नामजद अभियुक्त था, जबकि साक्ष्यों के आधार पर पंकज सहरिया भी प्रकाश में आया। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस टीमें लगातार दोनों की तलाश में जुटी थीं। मंगलवार को पुलिस टीमों को दोनों के राजघाट क्षेत्र के जंगल में मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकडऩे का प्रयास किया तो अभियुक्तों की ओर से फायरिंग किए जाने की बात पुलिस ने बताई। जवाबी कार्रवाई के दौरान पंकज सहरिया के पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अजय अहिरवार को भी मौके से दबोच लिया गया। मुठभेड़ के दौरान पंकज के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू और अवैध असलहा भी बरामद हुआ। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी हत्या के मुकदमे में प्रकाश में आए वांछित अभियुक्त प्रताप उर्फ रोली उर्फ प्रहलाद को भी 4 अक्टूबर 2026 को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया जा चुका है। मंगलवार की कार्रवाई के बाद मामले में अब तक कई वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। यह कार्रवाई एडीजी कानपुर जोन और आईजी झांसी परिक्षेत्र के निर्देश पर एसपी संजीव कुमार बाजपेई के निर्देशन में, एएसपी कालू सिंह तथा सीओ सदर अजय कुमार के निकट पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अनुराग अवस्थी सहित पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button