निर्माण श्रमिकों के लिए लगा स्वास्थ्य शिविर, 74 श्रमिकों का हुआ चेकअप
श्रमिक सम्मान कार्यक्रम में योजनाओं की दी जानकारी, ऑनलाइन आवेदन कर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़। मुख्यमंत्री के निर्देशों एवं श्रम विभाग द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को निर्माणाधीन एमएनडीएम आनंद विहार दिल्ली रोड विकास खंड एवं तहसील हापुड़ क्षेत्र में श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में निर्माण कार्य से जुड़े 74 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। अधिकारियों ने श्रमिकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के दौरान सहायक श्रमायुक्त ने उपस्थित श्रमिकों को उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के हित में संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र श्रमिक ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।
अधिकारियों ने श्रमिकों से अपील की कि वे अपना श्रमिक पंजीयन समय से कराएं और बोर्ड की योजनाओं के अंतर्गत मिलने वाले लाभों के लिए ऑनलाइन आवेदन करें। शिविर में श्रमिकों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों के संबंध में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है।
स्वास्थ्य शिविर में श्रमिकों का चेकअप कर आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सलाह भी दी गई। कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराने के साथ अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं को लेकर जानकारी प्राप्त की।
अधिकारियों ने कहा कि श्रमिकों तक शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है। इसके लिए विभागीय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र श्रमिक योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में आरएल स्वर्णकार, सहायक श्रमायुक्त हापुड़, सुधा तोमर श्रम प्रवर्तन अधिकारी, जितेंद्र सिंह श्रम प्रवर्तन अधिकारी, अभिषेक गोयल, कमल चौधरी सहित बड़ी संख्या में निर्माण श्रमिक मौजूद रहे।



