पाकुड़

पाकुड़ पॉलिटेक्निक में एचआईवी एवं सिफलिस जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

HIV and Syphilis Awareness Program Organized at Pakur Polytechnic

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिला प्रशासन की ओर से एचआईवी/एड्स की रोकथाम एवं जागरूकता को लेकर पाकुड़ पॉलिटेक्निक में सघन आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) अभियान के तहत एचआईवी एवं सिफलिस जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग, पाकुड़ के सहयोग से आयोजित हुआ। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों एवं संस्थान के सदस्यों को एचआईवी/एड्स और सिफलिस से संबंधित सही जानकारी, बचाव, जांच, उपचार तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को एचआईवी और एड्स के बीच अंतर, संक्रमण के प्रमुख कारणों एवं संभावित माध्यमों की जानकारी दी गई। साथ ही एचआईवी से जुड़े विभिन्न भ्रमों को दूर करते हुए बताया गया कि सामान्य सामाजिक संपर्क से एचआईवी का संक्रमण नहीं होता। वक्ताओं ने सुरक्षित व्यवहार अपनाने, आवश्यक सावधानी बरतने तथा स्वास्थ्य संबंधी निर्णय सही जानकारी के आधार पर लेने पर जोर दिया।
विद्यार्थियों को समय पर एचआईवी जांच और आईसीटीसी (समेकित परामर्श एवं जांच केंद्र) की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई। आईसीटीसी के माध्यम से उपलब्ध परामर्श, जांच, गोपनीयता एवं चिकित्सकीय मार्गदर्शन की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। सिफलिस को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। इसके संक्रमण के माध्यमों, संभावित लक्षणों तथा समय पर जांच, निदान और उपचार के महत्व की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों से बिना झिझक सलाह लेने और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में एचआईवी से जुड़े सामाजिक कलंक एवं भेदभाव पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने एचआईवी के साथ जीवन जी रहे लोगों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करने तथा किसी भी प्रकार के भेदभाव से बचने की अपील की। बताया गया कि समय पर जांच और उचित चिकित्सकीय देखभाल से स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है। इस दौरान प्रश्नोत्तर एवं जागरूकता संवाद का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने एचआईवी और सिफलिस से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सरल एवं व्यावहारिक तरीके से उत्तर दिया। विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी परिवार एवं समुदाय तक पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में सदर अस्पताल, पाकुड़ की आईसीटीसी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आईसीटीसी एलटी शिव नारायण प्रसाद ने एचआईवी जांच, आईसीटीसी सेवाओं एवं बचाव से संबंधित जानकारी साझा की। डाटा मैनेजर आदिल अहमद मंसूरी ने आईसीटीसी सेवाओं, अभिलेख एवं आंकड़ों तथा जागरूकता कार्यक्रम से संबंधित जानकारी दी। वहीं एसएसओआरडब्ल्यू रोशन सेन ने एचआईवी एवं सिफलिस से बचाव और सामुदायिक स्तर पर जागरूकता से जुड़े विषयों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में मोसारफ हुसैन, आशीष कुमार, रिजवाना रहमान, विवेक कुमार महतो, देबालिका पाल, लकी कुमार, अभिषेक कुमार, पुरण कुमार दत्ता, विकेश कुमार सिंह, दिनकर कुमार, कृति कुमारी एवं ओंकारेश्वर कुमार सहित अन्य की सहभागिता रही। कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा कि सही जानकारी, समय पर जांच और उचित उपचार एचआईवी एवं सिफलिस से बचाव तथा स्वस्थ जीवन के लिए महत्वपूर्ण हैं। इस दौरान युवाओं में स्वास्थ्य जागरूकता, जिम्मेदार व्यवहार, समय पर जांच एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ भेदभाव और सामाजिक कलंक से मुक्त समाज के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button