ललितपुर
मानदेय बढ़ाने और लैपटॉप-स्मार्टफोन की मांग को लेकर आजीविका मिशन कैडर्स ने सौंपा प्रार्थना पत्र
समूह सखी समेत विभिन्न कैडर्स ने डीएम से लगाई गुहार

2 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय करने की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत कार्यरत विभिन्न कैडर्स ने मानदेय बढ़ाने और विभागीय कार्यों के लिए लैपटॉप अथवा स्मार्टफोन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। कैडर्स ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़े कार्यों के साथ-साथ ऑनलाइन सर्वे, डाटा फीडिंग और विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित जिम्मेदारियां भी निभाई जा रही हैं, लेकिन इसके एवज में मिलने वाला मानदेय काफी कम है। समूह सखी, आजीविका सखी, स्वास्थ्य सखी, बीसी सखी, एसआईआर समेत अन्य कैडर्स ने बताया कि उन्हें स्वयं सहायता समूहों की बैठक कराने, लोकोस ऐप पर कार्य करने, डीकेवाई-एनआरएलएम, बीपीआरएमपी, जीरो पॉवर्टी सर्वे, एसआईआर तथा अन्य विभागीय योजनाओं से संबंधित कार्य करने होते हैं। महिला कार्मिकों का कहना है कि विभिन्न जिम्मेदारियों और लगातार बढ़ते कार्यभार के बावजूद उन्हें वर्तमान में मात्र 2,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है। उनका कहना है कि मौजूदा महंगाई में इतनी राशि से परिवार एवं बच्चों की जरूरतों को पूरा करना कठिन हो रहा है। उन्होंने अपने मानदेय में पर्याप्त वृद्धि किए जाने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी है। कैडर्स ने बताया कि उनके कार्य का बड़ा हिस्सा अब ऑनलाइन हो गया है। सर्वे, विभागीय प्रपत्रों की फीडिंग और अन्य डिजिटल कार्यों के लिए उन्हें मोबाइल पर निर्भर रहना पड़ता है। लैपटॉप अथवा स्मार्टफोन की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण ऑनलाइन कार्य पूरा करने में अधिक समय और परेशानी का सामना करना पड़ता है। कैडर्स ने प्रमुख रूप से मांग की कि उनका मानदेय बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए। इसके साथ ही डिजिटल एवं ऑनलाइन विभागीय कार्यों को सुचारु रूप से पूरा कराने के लिए सभी संबंधित कैडर्स को लैपटॉप अथवा स्मार्टफोन उपलब्ध कराया जाए। कैडर्स ने प्रशासन से उनकी समस्याओं की जांच कर मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है। प्रार्थना पत्र पर त्रिवेणी, किरण, पूजा, प्रेरणा, रामकुमारी, स्वाती, द्रौपदी, गायत्री, राजकुमारी सहित अन्य महिला कार्मिकों के नाम एवं हस्ताक्षर दर्ज हैं।



