पाकुड़

रेल कर्मचारियों की मांगों को लेकर ERMU ने GM गीतिका पांडे को सौंपा ज्ञापन

ERMU submitted a memorandum to GM Geetika Pandey regarding the demands of railway employees.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

पाकुड़। पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडे के पाकुड़ प्रथम आगमन पर ईस्टर्न रेलवे मेंस यूनियन (ERMU) की पाकुड़ शाखा की ओर से उनका स्वागत किया गया। शाखा अध्यक्ष अखिलेश कुमार चौबे एवं सहयोगियों ने अति विशिष्ट कक्ष में महाप्रबंधक को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद रेल कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर संगठन की ओर से ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान हावड़ा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विशाल कपूर समेत मंडल के वरिष्ठ विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। शाखा सचिव संजय कुमार ओझा ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व तत्कालीन महाप्रबंधक मिलिंद देउस्कर के पाकुड़ आगमन के दौरान भी संगठन की ओर से मांग पत्र सौंपा गया था। उस समय कुछ मांगों पर कार्रवाई शुरू हुई थी, लेकिन कई मामले अब तक परिणाम तक नहीं पहुंच सके हैं। इसी को देखते हुए पुरानी मांगों को पुनः महाप्रबंधक के समक्ष रखा गया। ज्ञापन में नलहटी से गुमानी तक नए रेलवे क्वार्टरों का निर्माण, सभी पैनल रूम एवं सुपरवाइजर कार्यालयों में एयर कंडीशनर की व्यवस्था, पाकुड़ में बड़े कम्युनिटी हॉल एवं जिम की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा पाकुड़ की रेलवे लॉकअप डिस्पेंसरी को शीघ्र रेलवे हेल्थ यूनिट के रूप में शुरू करने तथा पाकुड़ एवं राजग्राम के कोल एवं स्टोन साइडिंग में कार्यरत कर्मचारियों के लिए कोल पायलट भत्ता शुरू करने की मांग भी शामिल है। रेलवे कॉलोनी एवं स्टेशन परिसर में पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए स्थानीय जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने की मांग भी संगठन ने रखी। संगठन के अनुसार, महाप्रबंधक गीतिका पांडे ने मांगों को महत्वपूर्ण बताते हुए आवश्यक कार्रवाई जल्द शुरू किए जाने का आश्वासन दिया। शाखा सचिव संजय कुमार ओझा ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को पूरा कराने के लिए संगठन लगातार प्रयास करेगा और आवश्यकता पड़ने पर इन मुद्दों को रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली के समक्ष भी रखा जाएगा। मौके पर शाखा अध्यक्ष अखिलेश कुमार चौबे, शाखा सचिव संजय कुमार ओझा, कोषाध्यक्ष अमर कुमार मल्होत्रा एवं शाखा सभासद कुमार विकास मौजूद रहे।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button