बरेली
जिला जज, डीएम और एसएसपी ने किया जिला कारागार का निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रदीप कुमार, जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बुधवार को जिला कारागार का आकस्मिक निरीक्षण किया।
इस दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला रोजगार अधिकारी भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने सबसे पहले पाकशाला का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता परखी, जो संतोषजनक मिली। इसके बाद बैरकों में जाकर बंदियों के टिकट देखे और उनसे समस्याएं पूछीं।
कारागार में बंदियों को कौशल विकास के तहत कपड़ों पर जरी-जरदोजी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अधिकारियों ने इसकी सराहना की और अधिक बंदियों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए ताकि रिहाई के बाद वे रोजगार से जुड़ सकें।
जेल अधीक्षक आलोक शुक्ला ने बताया कि बंदियों को उन्नत कृषि का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। जेल परिसर में ही स्ट्रॉबेरी और शिमला मिर्च की खेती कराई जा रही है। अधिकारियों ने कारागार में संचालित पाठशाला का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किसी भी बंदी ने कोई शिकायत नहीं की।
मौके पर कारापाल आनंद सिंह, चिकित्साधिकारी अली अहमद, उप कारापाल वीरेश्वर प्रताप सिंह, देवदत्त समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




